पुलिस ने शमसुद्दीन को कत्ल के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बेंगलुरु नगर निगम की ओर से कचरा उठाने के लिए लगाए गए एक ट्रक में बड़ा सा पॉलिथीन बैग पाया गया था, जिससे बदबू आ रही थी। इस बदबू से जब बुरा हाल हुआ तो बैग को चेक करना पड़ा और उसमें महिला का शव देखकर लोगों के होश उड़ गए।
बेंगलुरु में कूड़े के ट्रक में मिले एक महिला के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। महिला की पहचान आशा के तौर पर हुई है, जो मोहम्मद शमसुद्दीन नाम के एक शख्स के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहती थी। पुलिस ने शमसुद्दीन को कत्ल के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बेंगलुरु नगर निगम की ओर से कचरा उठाने के लिए लगाए गए एक ट्रक में बड़ा सा पॉलिथीन बैग पाया गया था, जिससे बदबू आ रही थी। इस बदबू से जब बुरा हाल हुआ तो बैग को चेक करना पड़ा और उसमें महिला का शव देखकर लोगों के होश उड़ गए।
बैग में पड़े महिला के शव को देखा गया तो हाथ बंधे हुए थे। पुलिस खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची और कत्ल का केस दर्ज किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस कई दिनों की जांच के बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के सहारे महिला के प्रेमी मोहम्मद शमसुद्दीन तक पहुंच गई। वह मूल रूप से असम का रहने वाला है। जानकारी मिली है कि शमसुद्दीन 40 साल की महिला के साथ बीते करीब डेढ़ साल से रिलेशनशिप में था। दोनों बेंगलुरु के हुलिमावु इलाके की एक सोसायटी में किराये पर रहते थे।
आशा और शमसुद्दीन की कहानी का एक दिलचस्प तथ्य यह भी है कि दोनों ही पहले से शादीशुदा थे और दोनों के दो-दो बच्चे भी हैं। लेकिन दोनों ने सोसायटी में लोगों को अपना परिचय पति और पत्नी के तौर पर दिया था। किसी को संदेह भी नहीं था कि वे लिव इन में रहते हैं, लेकिन जब आशा के कत्ल के बाद जांच हुई तो पूरी सच्चाई सामने आई। इस जानकारी से हर कोई हैरान है। आशा के पति की मौत हो गई थी और वह अर्बन कंपनी के लिए काम करती थी, जो घरेलू सेवाएं मुहैया कराती है। इसके अलावा मोहम्मद शमसुद्दीन के भी दो बच्चे हैं और उसकी पत्नी भी जीवित है। वे असम में रहते हैं।
बेंगलुरु साउथ के डिप्टी कमिश्नर लोकेश जगलसर ने बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। फिर मारपीट तक नौबत आ गई और इसी दौरान आशा की मौत हो गई। शमसुद्दीन ने मारपीट के दौरान आशा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शमसुद्दीन शव को बाइक पर ही ले गया और कूड़ा इकट्ठा करने वाले एक ट्रक में फेंक आया। उसके इस तरह बाइक पर जाने और शव को ट्रक में फेंकने की घटना सीसीटीवी में दर्ज हो गई है। यह इस केस में खुलासे से लेकर अंत तक एक बड़ा सबूत बनेगी।