मुंबई 08 दिसंबर (वार्ता): राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने गुरुवार को कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के एकतरफा होने को लेकर किसी के मन में कोई संदेह नहीं है।
पवार ने आज यहां पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कहा, “ देश की सारी ताकत उसके लिए इस्तेमाल की गयी। एक राज्य के पक्ष में कई फैसले लिये गये। इस बात का ख्याल रखा गया कि उस राज्य में कितनी परियोजनाएं लायी जायेगी।” उन्होंने कहा कि किसी के मन में कोई संदेह नहीं था कि गुजरात में चुनाव परिणाम एकतरफा होगा , लेकिन यह कहना उचित नहीं है कि इसका यह मतलब नहीं कि देश में लोगों की एक राय है।
उन्होंने दिल्ली नगर निगम(एमसीडी) चुनाव में जनता की प्रतिक्रिया को एक अच्छा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा “ एमसीडी में पिछले 15 साल से भाजपा की सरकार थी, अब नहीं है। हिमाचल प्रदेश में चुनाव हुए जिसमें भाजपा सत्ता से बाहर हो रही है। इसका मतलब है कि बदलाव की शुरुआत धीरे-धीरे हुई है। राजनीति में एक खालीपन है।”
यह भी पढ़ें:TMC के साकेत गोखले को मोरबी ब्रिज ढहने के ट्वीट पर गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया: Report