जम्मू-कश्मीर में गर्मी में गहराया पानी का संकट, कुछ इस तरह की पैदा हो गई है स्थिति

जम्मू कश्मीर में गर्मी आते ही पानी का संकट भी गहराने लगा है। इससे तंग आकर  महिलाओं ने  एक रेलवे स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन कर वंदे भारत ट्रेन रोकी। प्रदर्शनकारियों ने जल संकट से परेशान होकर प्रशासन को धमकी दी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर उनकी कॉलोनी में जल संकट का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो आने वाली और जाने वाली सभी ट्रेनों को रोक दिया जाएगा।

बच्‍चों ने जम्‍मू रेलवे स्‍टेशन तक किया मार्च

पानी की समस्‍या को लेकर प्रशासन की विफलता के विरोध में जम्मू ईस्ट कॉलोनी की सैकड़ों महिलाओं और कुछ बच्चों ने जम्मू रेलवे स्टेशन तक मार्च किया। प्रदर्शनकारी हाथों में बाल्टियां लेकर ट्रैक पर उतर आए और पुलिस और रेलवे अधिकारियों के हस्तक्षेप करने से पहले ही कुछ समय के लिए वंदे भारत ट्रेन को स्टेशन पर रोक दिया।

अधिकारियों ने दिलाया भरोसा

पुलिस और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि वे उनकी कॉलोनी में पानी की आपूर्ति की समस्या का समाधान करेंगे। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पानी आपूर्ति की आपकी मांग जल्द ही पूरी हो।