भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार द्वारा मुख्य सचिव को राज्य के सभी शहरी विकास और नियोजन प्राधिकरणों का चेयरमैन बनाए जाने के फैसले को असंवैधानिक करार दिया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और पंजाब की स्वायत्तता के खिलाफ बताया है।
रविवार को एक बयान जारी करते हुए श्री चुग ने कहा, “इस फैसले का उद्देश्य केजरीवाल की मंडली को पंजाब की जमीन और संसाधनों पर नियंत्रण दिलाना है। यह न केवल संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन है, बल्कि राज्य की चुनी हुई सरकार का भी अपमान है।”
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके मंत्री उस अधिकारी के अधीन कार्य करेंगे जो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नज़दीकी माने जाते हैं। “क्या अब पंजाब की कैबिनेट एक कठपुतली मंच बन चुकी है, जिसे बाहर से संचालित किया जा रहा है?” – श्री चुग ने तीखा प्रहार करते हुए कहा।
भाजपा नेता ने इस फैसले को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि पंजाब की जनभावनाओं और लोकतांत्रिक ढांचे का सम्मान होना चाहिए।