भोपाल रेप-मर्डर केस में नए खुलासे, बहन की भूमिका क्यों संदिग्ध?

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म और फिर हत्या के मामले की जांच एसआईटी तेजी से कर रही है। एसआईटी की टीम ने मामले में पांच लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। इनमें मृतक बच्ची के माता- पिता, दादी और दो अन्य महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने उस महिला के भी बयान लिए हैं, जिसने पुलिस आरोपी अतुल के घर से बदबू आने की सूचना दी थी। साथ ही पुलिस ने आरोपी अतुल भालसे, उसकी बहन चंचल और मां बसंती के मोबाइल फोन को फरीक्षण के लिए भेज दिया। इससे पता चलेगा कि घटना से पहले और घटना के बाद वे किस-किस के संपर्क में थे।
अब तक हुई मामले की जांच में आरोपी अतुल की बहन चंचल की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। उसके मोबाइल फोन से कई चौंकाने वाली चीजें सामने आईं है। उसके फोन में कई लड़कियों की तस्वीरें मिली हैं, इन तस्वीरों पर कुछ नंबर भी लिखे हुए हैं। इन फोटोज को चंचल के दो मोबाइल नंबरों से कई लोगों को वॉट्सऐप किया गया है। ऐसे क्यों किया गया है पुलिस हर एंगल से इसकी जांच कर रही है। इससे पहले मल्टी में रहने वाले कई लोगों ने भी बसंती और चंचल का व्यवहार संदिग्ध बताया है। हालांकि, पुलिस को अब तक उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
आरोपी के घर मिली शराब की बोतलें, खरगोन में छह केस दर्ज
मामले की जांच कर रही एसआईटी की टीम ने शनिवार को आरोपी अतुल भालसे के प्लैट की तलाशी ली थी, इस दौरान पुलिस को उसके घर खाली शराब की बोतलें मिली हैं। आरोपी अतुल और उसका परिवार खरगोन जिले का रहने वाला है। जहां, उसके खिलाफ छह केस दर्ज हैं। इसमें छेड़छाड़, चोरी, मारपीट और अड़ीवाजी की घटनाएं शामिल हैं। खरगोन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  प्रतिबंधात्मक और धारा 110 की कार्रवाई की थी। पुलिस की सख्ती के कारण वह करीब चार साल से अपने गांव नहीं गया था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी अतुल भालसे का परिवार पिछले 15 साल से भोपाल में रह रहा है। इस दौरान उन्होंने कई ठिकाने बदले हैं। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र स्थित जिस मल्टी में अतुल ने दुष्कर्म और हत्या की वारदात को अंजाम दिया, उसका परिवार वहां करीब सात महीने पहले ही रहने आया था। जबकि, आरोपी अतुल खुद करीब एक महीने पहले ही यहां आया था।  अतुल का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा है, मारपीट से तंग आकर वह बच्चों के साथ अपने मायके चली गई थी। दो साल से वह वहीं रह रही है। अतुल नशे का आदी है, वह नशा करके घर में ही पड़ा रहता था।