मौत के आंकड़ों पर भाजपा का दावा, 14 नहीं 27 की गई जान

रोहिणी इलाके में स्थिति आशा किरण होम फिर से सुर्खियों में है। मिली जानकारी के मुताबित जनवरी 2024 से अब तक 14 की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई है। इस खबर को सुनकर हर कोई हैरान है। वहीं इस मामले में राजस्व मंत्री आतिशी ने जनवरी 2024 से ‘मानसिक रूप से विकलांगों के लिए घर’ में 14 मौतों की खबर का संज्ञान लेते हुए एसीएस राजस्व को मजिस्ट्रेट जांच शुरू करने और 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। आशा किरण होम में रहस्यमयी मौत के मामले में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता ने कहा कि आशा किरण, दिल्ली सरकार के अंतर्गत आता है। यहां पर दिव्यांग लोगों को रखा जाता है। लेकिन इस शेल्टर होम में लगातार मौतें हो रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसी साल 2024 में 27 लोगों की मौत हुई है। जुलाई महीने में ही 17 लोगों की मौत हुई है, ऐसा हमारी जानकारी में है। प्रशासन कारण नहीं बता रहा है। एसडीएम जांच में क्या है, हमें नहीं पता है। सभी अधिकारी गेट बंद करके बैठे हैं। इस मामले की जांच होनी चाहिए।