अच्छी खबर: झुलसा देने वाली गर्मी से लोगों को जल्द मिलने वाली है राहत!

  • अच्छी खबर: झुलसा देने वाली गर्मी से लोगों को जल्द मिलने वाली है राहत!

लगातार गर्मी की मार झेल रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। केरल में मानसून के आगमन से पहले पूर्वोत्तर को भारी बारिश और उत्तर भारत के पांच राज्यों को प्रचंड गर्मी ने चपेट में ले रखा है। पश्चिमी राजस्थान और दिल्ली में तो एक तरह से आसमान से आग बरस रही है। मंगलवार को चार दर्जन से अधिक स्थानों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान के चूरू का तापमान सबसे ज्यादा 50.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है। दिल्ली भी पीछे नहीं रही। यहां भी मंगेशपुर एवं नरेला का अधिकतम तापमान 49.9 डिग्री पर पहुंच गया।

गर्मी से झुलस रहे उत्तर-पश्चिम

भारत के लिए राहत की खबर यह है कि अरब सागर में चक्रवात की स्थिति बन रही है। इससे हवा की दिशा और दशा बदलने वाली है। अगले दो से तीन दिनों के भीतर उत्तर-पश्चिम से पूर्व की ओर हवा चलने लगेगी, जिससे अधिकतम तापमान में कमी आएगी। एक से दो जून के बीच बारिश भी होगी। हालांकि वर्षा की मात्रा और व्यापकता ज्यादा नहीं होगी, फिर भी तपती धरती को शीतलता का अहसास हो सकता है।

मौसम विभाग का मानना है कि पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश में मंगलवार को भी हीटवेव (लू) की स्थिति रही, लेकिन बुधवार से स्थिति में सुधार शुरू हो जाएगा। थोड़ी राहत कल से ही मिलनी शुरू हो जाएगी। 31 मई तक तापमान में चार से पांच डिग्री तक गिरावट आ जाएगी। पश्चिमी राजस्थान में भी कल से ही सुधार की शुरुआत होगी।

अरब सागर से 30 मई से चलने वाली हवा के असर से अगले दो-तीन दिनों में दिल्ली, पंजाब एवं हरियाणा में भी वर्षा होगी, जिससे अगले कुछ दिनों तक तापमान में गिरावट देखी जाएगी। यद्यपि बहुत ज्यादा राहत की उम्मीद नहीं है। जब तक झमाझम बारिश नहीं होगी, तब तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

झारखंड के भी कुछ स्थान गर्मी से झुलस रहे हैं। पलामू में इस दशक का सबसे ज्यादा तापमान 47.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके पहले अभी तक का सबसे अधिक तापमान छह मई 1978 में 47.8 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बीच, बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अब कमजोर पड़ चुका है। हालांकि असर अभी भी हल्के स्तर पर बना हुआ है, जिससे कई राज्यों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) की रिपोर्ट में दिल्ली के नजफगढ़, पीतमपुरा, पूसा एवं जफरपुर समेत कई स्थानों का अधिकतम तापमान 48 डिग्री से ऊपर बताया गया है। अभी तक पूर्वी आ‌र्द्र हवा ने तापमान को चढ़ने से रोक रखा था लेकिन नमी की अधिकता से कम तापमान में भी अधिक गर्मी का अनुभव हो रहा था।