आईपीएल 2025 के रोमांचक मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने विशाखापत्तनम के डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाएंट्स पर एक विकेट से नाटकीय जीत हासिल की। आशुतोष शर्मा ने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने धैर्य के साथ खेल को खत्म किया। उन्होंने 31 गेंद पर नाबाद 66 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के जड़े। आशुतोष को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। हालांकि, दिल्ली के इस खिलाड़ी ने यह अवॉर्ड भारतीय टीम के पूर्व स्टार शिखर धवन को समर्पित किया और उन्हें अपना मेंटर बताया। इसके बाद धवन से उन्होंने वीडियो कॉल पर बातचीत भी की।
प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद अपने प्रदर्शन को लेकर आशुतोष ने कहा, ‘पिछले साल से सबक लिया था। पिछले सीजन में कुछ मौकों पर खेल खत्म करने से चूक गया था। पूरे साल मैंने इस पर ध्यान केंद्रित किया और इसके बारे में कल्पना की। मुझे विश्वास था कि अगर मैं आखिरी ओवर तक खेलूंगा, तो कुछ भी हो सकता है। विपराज ने अच्छा खेला। मैंने उन्हें लगातार हिट करते रहने के लिए कहा। वह दबाव में बहुत शांत थे। मैं यह पुरस्कार अपने मेंटर शिखर पाजी को समर्पित करना चाहता हूं।’
आशुतोष के शब्द उनकी कड़ी मेहनत को दर्शा रहे थे। उन्होंने पिछली गलतियों से सीखा और अपने फिनिशिंग स्किल पर ध्यान केंद्रित किया। दबाव में उनके शांत रहने से उन्हें टीम को जीत दिलाने में मदद मिली। इसमें उन्हें विपराज का बखूबी साथ मिला। मैच के बाद धवन के साथ बातचीत कर आशुतोष बेहद खुश दिखे। दिल्ली कैपिटल्स ने इसका वीडियो शेयर किया है। आशुतोष ने डीसी द्वारा साझा किए गए वीडियो में कहा, ‘धवन सच में खुश थे। लव यू पाजी।’ धवन और आशुतोष पिछले सीजन में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) में एक साथ खेले थे।