महिल ने प्रॉपर्टी डीलर को दुष्कर्म के मामले में फसाया

प्रॉपर्टी डीलर को दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देने के एक मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने महिला आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें महिला सेक्टर-16 स्थित एक बड़े निजी अस्पताल की शिकायत वापस लेने पर जोर दे रही थी। इसी अस्पताल में काम करने वाला एक कर्मचारी महिला का मिलने वाला है। दोनों चाहते थे कि अस्पताल के खिलाफ शिकायत को वापस करा दिया जाए।

उधर शिकायतकर्ता शिकायत वापस लेने को तैयार नहीं हैं। शिकायतकर्ता कमल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वह प्रापर्टी बेचने-खरीदने का काम करता है। दो मई को उनके पास वॉट्सऐप कॉल आई। इसमें एक युवती ने उनसे कहा कि उसे प्रापर्टी खरीदनी है।

झूठे दुष्कर्म के मुकदमों में फंसाया

इसके बाद शिकायतकर्ता ने उसे ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर-85 स्थित अपने ऑफिस में बुला लिया। यहां आने के बाद महिला ने उससे कहा कि उसने सेक्टर-16 स्थित एक निजी अस्पताल के खिलाफ जो शिकायत दे रखी है, उसे वापिस ले लो, नही तो आपको मेरा नाम पता है दिशा है। उसने यह भी कहा कि इससे पहले भी कई लोगों को अपना शिकार बनाया है और झूठे दुष्कर्म के मुकदमों में फंसाया है।

शिकायतकर्ता से पैसों की मांग करने लगी

उसने कई उदाहरण देकर उसे डराया। उसने अपने एक परिचित राजेश का नाम लिया और कहा कि वह इस अस्पताल में नौकरी करता है। वह दोनों मिलकर उसका बुरा हाल कर देंगे। महिला ने कहा कि उसकी और राजेश की बड़े-बड़े अफसरों से जान-पहचान है। वह शिकायतकर्ता से पैसों की मांग करने लगी।

शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना खेड़ी पुल में झूठे दुष्कर्म के आरोप में फंसाने व जान से मारने की धमकी के तहत महिला के खिलाफ मु़कदमा दर्ज कर लिया। अब पुलिस ने आरोपित महिला को उसके घर सेक्टर-88 स्थित अपने फ्लैट से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए उसे तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है। पुलिस पता कर रही है कि इस मामले में राजेश का कितना रोल है।

पुलिस अन्य लोगों से करेगी पूछताछ

अस्पताल के खिलाफ शिकायत क्या और कहां दी हुई है। महिला काे यह सब करने के लिए किसने भेजा था। इसमें अस्पताल प्रबंधन की तो भूमिका नहीं है। क्योंकि उसी के खिलाफ शिकायतें दी हुई हैं। पुलिस जल्द संदेह के आधार पर अन्य लोगों से भी पूछताछ करेगी।