ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ लेंगे मोहन माझी

भाजपा पहली बार ओडिशा में अपनी सरकार बनाने जा रही है। भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण 12 जून यानी आज होना है। क्योंझर से विधायक मोहन चरण माझी भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उनके साथ राज्य के डिप्टी सीएम के रूप में केवी सिंह देव और प्रवती परिदा भी शपथ लेंगे। माझी के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2:30 बजे पहुंचेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे होगा। इसके लिए भुवनेश्वर के जनता मैदान को संवारा जा रहा है। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि कई राज्यों के मुख्यमंत्री और जानी-मानी हस्तियां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी। 

माझी के नाम का एलान 11 जून को हुई विधायक दल की बैठक में किया गया। भाजपा ने वरिष्ठ पार्टी नेता राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को ओडिशा में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। सीएम चुने जाने के बाद माझी ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाएंगे।

घोटाला उजागर करने के लिए विस अध्यक्ष पर फेंक दी थी दाल
2023 में माझी तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने 700 करोड़ रुपये के मिड डे मील घोटाले को उजागर करने के लिए अनूठे तरीके से विधानसभा में विरोध किया था। माझी ने तब एक कटोरी बिना पकी दाल स्पीकर की तरफ उछाल दी थी।


भाजपा ने जताया भरोसा
चार बार एक ही विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल करने वाले माझी पर इस बार भारतीय जनता पार्टी ने भरोसा जताया और उन्हें ओडिशा का 15वां मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। आपको बता दें कि इस बार ओडिशा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में बीजू जनता दल के विजयरथ को रोका और बड़ी जीत दर्ज की। 147 में से 78 सीटों पर जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी ओडिशा में सबसे बड़ा दल बनकर उभरी।