कई भागों में झमाझम बरसे बादल, नाहन में घरों-दुकानों में घुसा मलबा

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में ऑरेंज अलर्ट के बीच भारी बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार रात को नाहन में 168.3, संधोल 106.4, नगरोटा सूरियां 93.2, धौलाकुआं 67.0, जुब्बरहट्टी 53.2, कंडाघाट 45.6, धर्मशाला 13.0, कांगड़ा 12.6 व नारकंडा में 19.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी राज्य के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 11 से 16 अगस्त तक कुछ स्थानों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भी शनिवार दोपहर को झमाझम बारिश शुरू हुई। पूरा शहर धुंध के आगोश में है। उधर, प्रदेश में जगह-जगह भूस्खलन से प्रदेश में 50 से अधिक सड़कें व पेयजल योजनाएं भी ठप हैं। कई भागों में बिजली आपूर्ति ठप है। जिला सिरमौर में शुक्रवार रात को भारी बारिश हुई है। भारी बारिश के चलते जिले के कई स्थानों पर नुकसान के मामले सामने आए हैं। जिला मुख्यालय नाहन में भारी बारिश से गलियों ने नाले का रूप धारण कर लिया। वार्ड नंबर-5 के अमरपुर मोहल्ला में देर रात हुई भारी बारिश लोगों के लिए आफत बनकर आई । यहां बरसात का पानी मलबे के साथ लोगों के घरों समेत दुकानों में घुस गया। इससे भारी नुकसान हुआ है। दहशत में लोग रात भर जागते रहे। मौके पर पहुंची वार्ड की पार्षद मधु अत्री ने बताया कि भारी बरसात से लोगों के घरों में घुसे बरसाती पानी से नुकसान हुआ है। घरों में रखा कीमती सामान व टीवी, फ्रिज, अलमारी, बेड, कपड़े आदि खराब हुए हैं। उधर, ग्राम पंचायत सतीवाला में भी भारी बारिश से लोगों के घरों एवं खेतों में नुकसान की जानकारी सामने आई है। यहां एक फैक्ट्री में भी बरसाती पानी घुस गया।