कश्मीर में मौसम सुहावना… पर्यटक ले रहे आनंद, मैदानों में चल रही है ठंडी हवाएं

कश्मीर घाटी में आजकल मौसम सुहावना बना हुआ है। गर्म इलाकों से घाटी पहुंचे पर्यटक आनंद उठा रहे हैं। श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी के लगभग सभी हिस्सों में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई उच्च पर्वतीय इलाकों में शुक्रवार को हलकी बर्फबारी भी हुई। मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं।

बाहरी राज्यों से कश्मीर घूमने आए पर्यटक इस सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं। गुजरात से आए जिगनेश ने कहा कि इस समय उनके वहां 45 डिग्री के करीब तापमान है, लेकिन यहां मौसम सुहावना है। यहां काफी आनंद आ रहा है। पर्यटक दीपिका कुमारी ने बताया कि यहां आकर वापस जाने का मन नहीं कर रहा है।

श्रीनगर की विश्व प्रसिद्ध डल झील, लाल चौक के घंटाघर समेत गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग समेत यहां के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की बहार है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है, जबकि गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.6 डिग्री नीचे है।

मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर घाटी में अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 10 जून से एक बार फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है।