केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली में बने मोहरा – अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली के मोहरा बन गए हैं। वह दिल्ली के वाईफाई के पासवर्ड बन गए हैं। इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने भी पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस का मोहरा बन चुके सपा बहादुर अखिलेश यादव भाजपा को लेकर ग़लतफ़हमी पालने, अति पिछड़ों को निशाना बनाने, अपमान करने की जगह सपा को समाप्त होने से बचाने पर ध्यान दें। भाजपा 2027 में 2017 दोहरायेगी, कमल खिला है खिलेगा, खिलता रहेगा। गौरतलब है कि अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य के बीच जुबानी जंग काफी दिन से चल रही है। दरअसल, अखिलेश यादव ने लखनऊ में हुई भाजपा कार्यसमिति की बैठक के बाद मची उथलपुथल के बीच बृहस्पतिवार को एक बयान दिया था जिसके बाद से ही वह भाजपा नेताओं के निशाने पर आ गए। उन्होंने एक्स पर लिखा था कि मानसून ऑफर: सौ लाओ, सरकार बनाओ! भाजपा कार्यसमिति की बैठक के बाद डिप्टी सीएम दिल्ली गए थे और भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात की थी जिस पर अखिलेश ने एक्स पर कहा था कि लौट के बुद्धू घर को आए! उनके इस बयान को डिप्टी सीएम केशव से जोड़कर देखा गया था। इसके बाद यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि सपा एक डूबता हुआ जहाज है और समाप्त होने वाला दल है जिसका भविष्य और वर्तमान खतरे में है। उन्होंने कहा कि मानसून ऑफर को 2027 में 47 पर समेट देंगे। उन्होंने एक्स पर कहा कि मानसून ऑफर को 2027 में 47 पर जनता और कार्यकर्ता फिर समेटेंगे। एक डूबता जहाज और समाप्त होने वाला दल जिसका वर्तमान और भविष्य खतरे में है। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख सकता है परंतु पूर्ण नहीं हो सकता। 2027 में 2017 दोहरायेंगे, फिर कमल की सरकार बनायेंगे। मानसून आफर को 2027 में 47 पर जनता और कार्यकर्ता फिर समेटेंगे।