गर्मी ने जोर पकड़ा, जम्मू में पारा 40 डिग्री के पास पहुंचा

जम्मू-कश्मीर में 11 से 13 मई तक बारिश के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मई के आगे बढ़ने के साथ जम्मू-कश्मीर में गर्मी ने जार पकड़ा है। जम्मू में पिछले चार दिन में तापमान में भारी उछाल के साथ पारा 40 डिग्री के पास पहुंच गया है। इसका जनजीवन पर भी असर दिखने लगा है। आगामी दिनों में भी मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री तक जा सकता है। तापमान में उछाल के साथ अचानक इलेक्ट्रानिक उपकरणों का प्रयोग बढ़ने से बिजली की खपत बढ़ गई है। प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है। कश्मीर में भी तपिश का अहसास बढ़ा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 10 मई तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, लेकिन 11 से 13 अप्रैल को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

जम्मू में मंगलवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिनभर मौसम साफ रहने से दोपहर को पसीने छूट रहे हैं। इस समय बाजारों से भीड़ भी कम होने लगी है। लोग जरूरी खरीदारी के लिए अब शाम के समय बाहर निकल रहे हैं। जम्मू में दिन का पारा सामान्य से थोड़ा चढ़कर 38.5 और न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर में भी पारे में उछाल आया है। राजधानी श्रीनगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री चढ़कर 29.2 और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात में ठंडक कायम है। लेह में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।