ग्रैमी जीतने के बाद भारत लौटे शंकर महादेवन, पैपराजी को चॉकलेट बांटकर मनाया जीत का जश्न

रविवार को लॉस एंजिल्स में 66वें ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया। भारत ने इस साल ग्रैमी अवॉर्ड्स में बड़ी जीत हासिल की है। गायक शंकर महादेवन और तबला वादक जाकिर हुसैन समेत पांच संगीतकारों ने ये पुरस्कार अपने नाम किया। प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतने के बाद शंकर महादेवन मुंबई लौट आए हैं।  इस दौरान एयरपोर्ट पर गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया गया। वह जाकिर हुसैन के साथ फ्यूजन बैंड शक्ति का हिस्सा हैं

शंकर महादेवन के बैंड शक्ति ने ‘दिस मोमेंट’ के लिए ग्रैमी 2024 में सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम का पुरस्कार जीता है। जॉन मैकलॉघलिन, जाकिर हुसैन, शंकर महादेवन, वी.सेल्वगनेश और गणेश राजगोपालन के सहयोग से बनी शक्ति को उनके दिस मोमेंट के लिए ग्रैमी अवार्ड से सम्मानित किया गया। गायक अपनी इस जीत पर बेहद ही खुश हैं। मुंबई वापस आने के बाद उन्होंने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात की। इसके साथ ही अपनी उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए चॉकलेट बांटी।