डीडी न्यूज ने बदला लोगो का रंग तो विपक्ष ने किया कटाक्ष;

सार्वजनिक प्रसारणकर्ता दूरदर्शन द्वारा अपने डीडी न्यूज चैनल के लोगो का रंग लाल से नारंगी करने पर सियासत गर्मा गई है। विपक्ष ने जहां लोगो के भगवाकरण करने का आरोप लगाते हुए इस कदम को पूरी तरह गैरकानूनी बताया है वहीं भाजपा का कहना है कि विपक्षी पूर्वाग्रह से ग्रसित हैं।

डीडी न्यूज ने बदला लोगो का रंग

दरअसल, बीते मंगलवार को डीडी न्यूज ने अपना नया लोगो लांच किया था। इस बदलाव की घोषणा करते हुए डीडी न्यूज ने नए लोगो के साथ वीडियो एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,

ममता ने किया कटाक्ष

शनिवार को तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक्स पर पोस्ट में कहा- ”मैं अचानक भगवाकरण और हमारे दूरदर्शन लोगो का रंग बदलने से स्तब्ध हूं, खासकर ऐसे में जबकि लोकसभा चुनाव हो रहा है। यह बिल्कुल अवैध है। यह राष्ट्रीय सार्वजनिक प्रसारक के भाजपा समर्थक पूर्वाग्रह को दर्शाता है।”

अनुराग ठाकुर ने दिया ये जवाब

इस पर केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बनर्जी पर कटाक्ष किया। कहा- ”भगवा” के प्रति ममता का प्रेम ”जगजाहिर” है, यह बदलाव तो एक तरह ”घर वापसी” है क्योंकि भगवा लोगो का टेस्ट 1982 में किया गया था।

भाजपा आइटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि भारत में रंगीन टीवी 1982 में आया और उसी वर्ष दूरदर्शन राष्ट्रीय प्रसारक बन गया। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन के भगवा रंग पर परीक्षण 1982 में ही कर लिया गया था। इसलिए चौंकिए मत और पता लगाइए कि इसे नीले रंग में आखिर बदला किसने? यह राष्ट्रीय प्रसारक के लिए घरवापसी के अलावा कुछ नहीं है।