तीसरे चरण की वोटिंग जारी, पीएम मोदी ने डाला वोट, देशवासियों से की भारी संख्या में मतदान की अपील

लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण में आज 11 राज्यों की 93 सीटों पर 7 मई को मतदान है। इस चरण में कुल 1331 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान का समय सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक है।हालांकि, कुछ लोकसभा सीटों पर मतदान शाम 4 बजे खत्म हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10, गुजरात की 25, कर्नाटक की 14, महाराष्ट्र की 11, मध्‍यप्रदेश की नौ, असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, पश्चिम बंगाल की चार, दमन दीव और दादरा एवं नगर हवेली की दो सीटों पर मतदान है।

तीसरे चरण का रण खासा दिलचस्प है, क्योंकि इसमें 10 केंद्रीय मंत्रियों और चार पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई दिग्‍गजों की साख दांव पर लगी है। Jagran.Com पर पढ़िए वोटिंग की पल-पल की अपडेट…।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह परिवार सहित गुजरात के मतदान केंद्र पर अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतार में खड़े हैं। केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह गांधीनगर लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपनी पार्टी सचिव सोनल पटेल को गांधीनगर से मैदान में उतारा है।

अहमदाबाद: गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल ने कहा, “लोकतंत्र का उत्सव मनाया जा रहा है। आज तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। मैंने मतदान कर दिया है। लोकतंत्र में मतदान करना हमारा फर्ज है। एक भारत, श्रेष्ठ भारत, समृद्ध भारत, समर्थ भारत के निर्माण के लिए मतदान करें।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पोरबंदर से भाजपा उम्मीदवार मनसुख मंडाविया ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने पोरबंदर के हनोल प्राइमरी स्कूल, बूथ नंबर 12 पर अपना वोट डाला। कांग्रेस ने इस सीट से ललित वसोया को मैदान में उतारा है।