देश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए तैयार, विशाखापत्तनम में योग करेंगे मोदी

देश और दुनिया भर में 21 जून को पूरे उत्साह के साथ 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे, जिसमें तीन लाख से अधिक लोग भाग लेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी हिस्सा लेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन ‘योग संगम’ पहल के तहत किया जा रहा है, जिसमें देशभर के 10 लाख से अधिक स्थानों को जोड़ा जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 6:30 बजे शुरू होकर 7:45 बजे तक चलेगा।

इस बार योग दिवस में दो करोड़ से अधिक लोगों की भागीदारी की उम्मीद है। आंध्र प्रदेश सरकार इस आयोजन को गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए भी प्रयासरत है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा 50 लाख से अधिक पंजीकृत प्रतिभागियों को योग प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे, जिससे यह आयोजन भारत की स्वास्थ्य और फिटनेस यात्रा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनज़र दुनिया भर के कई देशों, अंतर्राष्ट्रीय संस्थानों और प्रतिष्ठानों में भी योग सत्रों का आयोजन किया जा रहा है। सभी स्थानों पर आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।