नए राज्यपाल के रूप में गुलाब चंद कटारिया ने ली शपथ

पंजाब के नए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज राजभवन में पद की शपथ ली। पंजाब एवं हरियाणा हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस ने उन्हें शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान उपस्थित रहे। पदभार संभालने से पहले कटारिया ने चंडीगढ़ के सेक्टर 8 सी में शिव मंदिर में माथा टेका। मंदिर के अध्यक्ष एवं चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस  लक्की और मंदिर कमेटी ने उनका अभिनंदन किया। कटारिया बुधवार सुबह सवा आठ बजे सेक्टर 8 के प्राचीन मंदिर में पहुंचे। वहां पहुंचने पर उनका सिरोपा देकर स्वागत किया गया। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एचएस लक्की ने फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अयोध्या प्रसाद शास्त्री ने पूजा करवाई। कटारिया ने भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। पंडित अयोध्या प्रसाद शास्त्री ने वेद मंत्रों से अभिषेक कराया। पूजन के उपरांत कटारिया ने पुजारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उनसे कहा कि आपने बहुत ही अच्छा पूजन कराया है। विधि पूर्वक पूजा करते हुए कटारिया ने शिवलिंग पर जल चढ़ाने के बाद भगवान को चंदन अर्पित किया। शिवलिंग पर ओमकार बनाया और बेलपत्र चढ़ाया। अयोध्या प्रसाद शास्त्री ने बताया कि उन्होंने गुलाबचंद कटारिया को आशीर्वाद दिया है कि पंजाब और चंडीगढ़ की बेहतरी  के लिए बेहतरीन काम करेंगे। उन्होंने नवनियुक्त राज्यपाल की लंबी आयु और बेहतरीन स्वास्थ्य की कामना भगवान शिव से की है। कटारिया ने मंदिर में स्थित सभी देवी देवता का दर्शन किए। गुलाब चंद कटारिया राजस्थान में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और पार्टी की केंद्रीय कार्य समिति के सदस्य भी हैं। वे राजस्थान सरकार के गृहमंत्री रह चुके हैं। इससे पहले वे ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री भी रह चुके हैं। उनका जन्म राजस्थान के उदयपुर में 13 अक्तूबर 1944 को हुआ था। 1977 में गुलाब चंद कटारिया ने पहली बार छठी राजस्थान विधानसभा के लिए उदयपुर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन भरा और विजयी हुए। गुलाब चंद कटारिया भारतीय जनता पार्टी से एक भारतीय राजनीतिज्ञ भी हैं। क्योंकि इन्हें राजनीति का लंबा अनुभव है। गुलाब चंद कटारिया ने 11 चुनाव लड़े, जिनमें से नौ जीते हैं। उदयपुर से वे 9वीं लोकसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।