पहली कैबिनेट में लागू होगी OPS, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करेगी कांग्रेस; हुड्डा ने किया वाद

पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट में पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाएगी। साथ ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की नीति बनाई जाएगी, जिससे हजारों कर्मचारी व उनके परिवारों को सीधा लाभ होगा। हुड्डा आज कुरुक्षेत्र में आइएनडीआइए गठबंधन के प्रत्याशी आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्षा डा.सुशील गुप्ता द्वारा लाडवा व शाहाबाद मंडी में वीरवार को आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में आज सरकारी विभागों के दो लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हुए हैं।

कर्मचारियों के ऊपर पहले से ही काम व मानसिक दबाव बहुत ज्यादा है। ऊपर से सरकार धमकियां देकर कर्मचारियों पर ज्यादती कर रही है। लेकिन अब इन तमाम अत्याचारों से छुटकारा पाने का समय आ चुका है। कांग्रेस सरकार बनने पर केंद्र में 30 लाख तो हरियाणा में दो लाख पदों पर पक्की भर्तियां होंगी। बीजेपी सरकार द्वारा स्थापित किए गए पेपर लीक और भर्ती माफिया को खत्म करके युवाओं को उनकी योग्यता अनुसार समयबद्ध तरीके से नौकरियां दी जाएंगी।इससे पहले अपने संबोधन में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान उत्तरी हरियाणा समेत पूरे प्रदेश से भयंकर पलायन हो रहा है। बेरोजगारी के चलते युवा देश छोड़ने को मजबूर हैं। इस इलाके का हर दूसरा युवा डोंकी के रास्ते या किसी भी तरीके से दूसरे देश में जाना चाहता है।

पलायन के चलते इलाके के कई गांवों में तो युवाओं का टोटा हो गया है। बीजेपी की नीतियों ने जवान बच्चों को बूढ़े मां-बाप, घर-परिवार व अपने देश से दूर कर दिया। इसलिए कांग्रेस हरियाणा को ऐसा प्रदेश बनाना चाहती है, जहां से कोई भी युवा मजबूरी में देश से पलायन ना करे।

संविधान को बचाने की लड़ाई-सशील गुप्ता

डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि आज पूरा देश लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। बीजेपी इलेक्शन सिस्टम को खत्म कर चीन और रुस के रास्ते पर चलना चाहती है। बीजेपी ने मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के सभी बैंक खाते सीज कर दिए। आजाद हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार भाजपा ने दो दो सीटिंग मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया। ये सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। किसानों पर जितना अत्याचार बीजेपी सरकार ने किया इतना अंग्रेजों ने भी नहीं किया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा व लाडवा से विधायक मेवा सिंह ने भी सभा को संबोधित किया।