जम्मू-कश्मीर में रविवार से प्री-मानसून की दस्तक होगी। आंधी, बारिश और गर्जन के साथ कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से झुलसाती गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विज्ञान विभाग ने 20 जून तक लगातार बारिश होने और मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। इस दौरान तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने इस बदलाव को देखते हुए यलो अलर्ट भी जारी किया है।
इस बार प्री-मानसून एक सप्ताह पहले दाखिल हो रहा है। बीते साल 28 जून को मानसून ने प्रवेश किया था और 20 जून के बाद बारिश का दाैर शुरू हुआ था। मौसम के बदलाव का सबसे ज्यादा असर कश्मीर संभाग में देखने को मिलेगा। यहां ज्यादातर इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में शीतलहर का असर भी बना रहेगा। जम्मू संभाग में 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विभाग ने लोगों को मौसम में अचानक आ रहे इस बदलाव से सावधान रहने की सलाह दी है।
अब लगातार होगी बारिश : अहमद
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मुख्तार अहमद ने बताया कि प्रदेश में प्री-मानसून आ रहा है। 20 जून के बाद मानसून में गति आएगी और बारिशें तेज हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि बारिश से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। आगामी दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। प्री-मानसून का असर समूचे प्रदेश में एक जैसा रहेगा। कश्मीर संभाग में शीतलहर चलने की संभावना बनी रहेगी।
कहां कितना अधिकतम पारा (डिग्री सेल्सियसम में)
- जम्मू 43.6
- कठुआ 42.5
- कटड़ा 39.5
- काजीकुंड 32.8
- कुकेरनाग 32.8
- श्रीनगर 32.4
- कुपवाड़ा 31.9
- बनिहाल 31.6
- बटोत 31.4
- पहलगाम 28.2 डिग्री
- गुलमर्ग 23.0 डिग्री