बेटी वामिका के साथ आइस्क्रीम खाने पहुंचीं अनुष्का

अनुष्का शर्मा इन दिनों न्यू यॉर्क में समय बिता रही हैं। अनुष्का यहां पति विराट कोहली को टी20 वर्ल्ड कप में सपोर्ट करने आई हैं। अनुष्का के बच्चे वामिका और अकाय भी उनके साथ हैं। हाल ही में उन्हें बेटी वामिका के साथ आइस्क्रीम डेट एंजॉय करते देखा गया।

बचपन की फ्रेंड ने शेयर किया वीडियो

एक्ट्रेस की बचपन की दोस्त नैमीषा मूर्ति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में अनुष्का कैजुअल कपड़ों में मस्त न्यूयॉर्क की गलियों में घूमती नजर आ रही हैं। वीडियो एक आइसक्रीम पार्लर का है जिसमें वो वामिका का हाथ पकड़े सीढ़ियां चढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं। एक तस्वीर में वो आइसक्रीम स्टिक के साथ पोज करते हुए भी नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने वामिका का नाम लिखे स्क्रैबल बोर्ड की तस्वीर भी क्लिक की।

पहले भी वायरल हुआ था वीडियो

इससे पहले अनुष्का के साथ विराट कोहली भी फैमिली मोमेंट एंजॉय करते हुए नजर आए। एक अन्य वीडियो में विराट और अनुष्का वामिका का हाथ पकड़े एक होटल में जाते नजर आए थे।

बता दें कि इन दिनों टी20 वर्ल्डकप 2024 चल रहा है। हाल ही पाकिस्तान और भारत के मैच ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इस मैच से अनुष्का का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो किसी व्यक्ति पर गुस्सा करते हुए नजर आ रही थीं। इस वीडियो पर फैंस ने बहुत सारे कमेंट्स किए थे। एक फैन ने लिखा-भाभी जी को गुस्सा जल्दी आता है।

इस फिल्म में आएंगी नजर

अनुष्का शर्मा आने वाले दिनों में फिल्म चकदा एक्सप्रेस में नजर आएंगी। इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। ये एक बॉयोपिक फिल्म है जिसमें अनुष्का झूलन गोस्वामी का किरदार निभाती नजर आएंगी। अनुष्का को आखिरी बार कैटरीना कैफ और शाह रुख खान के साथ फिल्म जीरो में देखा गया था। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी।