भले ही स्वर्ण नहीं पर रजत पदक जीतकर अपनी झोली में किया एक और बड़ा पदक शामिल

पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद नीरज चोपड़ा की चारों तरफ तारीफ हो रही है। वहीं, पाकिस्तान के जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम स्वर्ण पदक जीतने के बाद चर्चाओं में बने हुए हैं। लगातार दूसरे ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने पदक जीतकर इतिहास रचा है। वह ट्रैक एंड फील्ड में दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर उनकी मां ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ी को लेकर भी बड़ी बात कही है। मौजूदा समय में नीरज चोपड़ा देश के सबसे चहेते एथलीट में से एक हैं। उनको देखने के लिए भारत में बड़ी संख्या में लोग जगे हुए थे। नीरज ने उन्हें निराश भी नहीं किया। भले ही स्वर्ण नहीं, लेकिन रजत पदक जीतकर अपनी झोली में एक और बड़ा पदक शामिल कर लिया। वह एथलेटिक्स में लगातार दो ओलंपिक में एक स्वर्ण और एक रजत के साथ-साथ ओलंपिक में एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर नीरज की मां सरोज देवी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हम बहुत खुश हैं, हमारे लिए सिल्वर भी सोने के बराबर है। जो गोल्ड ले गया है वो भी हमारा लड़का है। मेहनत करके लेकर गया है। हर खिलाड़ी का दिन होता है। वह चोटिल हो गया था, इसलिए हम उसके प्रदर्शन से खुश हैं। जब वो (नीरज चोपड़ा) आएगा तो उसका फेवरेट खाना बनाऊंगी।” पेरिस ओलंपिक में रजत पदक विजेता नीरज चोपड़ा की मां ने पाकिस्तानी खिलाड़ी अरशद नदीम को भी शुभकामनाएं दीं। उनका यह बयान अब चर्चाओं में बना हुआ है। वहीं, उन्होंने बताया कि नीरज की वापसी के बाद वह उनका मनपसंद खाना बनाएंगी । इसके अलावा नीरज के पिता ने भी अरशद के स्वर्ण पदक जीतने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “हम प्रेशर नहीं डाल सकते हैं। हर किसी खिलाड़ी का दिन होता है, आज अरशद नदीम का दिन था, अरशद गोल्ड जीत पाए। हम दूसरे ओलंपिक में जैवलिन में मेडल जीत पाए ये बहुत खुशी की बात है हम दूसरे देशों को फाइट दे रहे हैं।”