भाजपा ने नेकां-कांग्रेस के गठजोड़ पर साधा निशाना दोनों दलों के गठबंधन को काला गठबंधन दिया करार

जम्मू
विनोद कुमार
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के चुनावी गठबंधन को एक काला गठबंधन करार देते हुए इन दोनों ही दलों पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस के गठजोड़ को जम्मू-कश्मीर को देश से अलग करने का दोषी भी ठहराया है। जम्मू में आज एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा के जम्मू-कश्मीर के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री जी. किषन रेड्डी ने एक जाने-माने शायर की पक्तियों से अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस पर कई आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने आर्टिकल 370 को जिन्न कानून करार देते हुए कहा कि ये दोनों ही दल अब चुनावों की आड़ में इसे वापस लाने का वादा जनता से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण ही जम्मू-कश्मीर हिंसा की आग में झुलसता रहा और इस प्रदेश को फिर से उस आग में झोंकने का ताना-बाना बुना गया है। जी. किषन रेड्डी ने बताया कि भाजपा के लिए यह विधानसभा चुनाव……… चुनाव नहीं बल्कि एक आंदोलन है और राहुल गांधी व उमर अब्दुल्ला की दोस्ती जम्मू-कश्मीर को मिले अधिकार वापस लेने की एक बड़ी साजिश है।
कांग्रेस केे प्रवक्ता साहिल शर्मा ने भाजपा के आरोपों को आधारहीन बताया र्है। उनका कहना है कि भाजपा ने 10 सालों में क्या किया है उस रिपोर्ट कार्ड को लेकर जनता के बीच जाना चाहिए। पीडीपी के प्रवक्ता वीरेंद्र सोनू का कहना है कि भाजपा के खिलाफ माहौल बना हुआ है। बिजली और पानी के बिलों से ही जनता नाराज है। पचास पार का दावा पूरी तरह खोखला है। भाजपा को कश्मीर से कोई सीट नहीं मिलने वाली है।