अभिनेत्री बिपाशा बसु सिनेमाई दुनिया का चर्चित नाम हैं। बेटी के जन्म के बाद अभिनेत्री का वजन बढ़ गया था, जिस कारण उन्हें बॉडी शेमिंग को लेकर ट्रोल किया जा रहा था। अब एक्ट्रेस ने ट्रोलर्स को करारा जवाब देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि ये लोग समाज के लिए घातक हैं। आइए जानते हैं क्या बोलीं अभिनेत्री।
बिपाशा बसु ने दी प्रतिक्रिया
हाल ही में इंस्टाग्राम पर पूर्व मिस इंडिया रहीं श्वेता विजय नायर ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं में वजन संबंधी होने वाली समस्याओं को लेकर उन्हें ट्रोल किए जाने पर विरोध किया था। इसी वीडियो में उन्होंने अभिनेत्री बिपाशा बसु के अचानक वजन बढ़ने को लेकर ट्रोल करने वालों पर भी प्रतिक्रिया दी थी। इस वीडियो के कमेंट सेक्शन में एक्ट्रेस बिपाशा ने लिखा, ‘आपके स्पष्ट शब्दों के लिए धन्यवाद। उम्मीद है कि मानव जाति हमेशा इतनी गिरी हुई सोच वाली नहीं रहेगी और वे महिलाओं के समर्पण और त्याग को प्रोत्साहित करेंगे।’
आगे उन्होंने कहा, ‘मैं एक बहुत ही आत्मविश्वासी महिला हूं, जिसके पास एक बहुत शानदार परिवार है। मीम्स और ट्रोल्स ने मुझे कभी परेशान नहीं किया और ना ही उन्होंने मुझे बनाया है। लेकिन ये महिलाओं को परेशान करने वाले तत्व हैं। मेरी जगह कोई और महिला इस क्रूरता से बहुत प्रभावित और आहत हो सकती थी।’ इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर महिलाएं खुद महिलाओं का दर्द समझने लगें तो वो और मजबूत हो जाएंगी।
बिपाशा बसु ने कई शानदार बॉलीवुड फिल्में की हैं, जिनमें ‘राज’, ‘नो एंट्री’, ‘जिस्म’ जैसी नाम शामिल हैं। उन्होंने अभिनेता करण सिंह ग्रोवर के साथ साल 2016 में शादी की थी। शादी के छह साल बाद यानी कि 2022 में अभिनेत्री ने बेटी को जन्म दिया था।