मौसम ने एक बार फिर बदली करवट, जानिए तीन जून तक कैसा रहेगा मौसम का हाल

हरियाणा में मौसम में शनिवार दोपहर बाद काफी बड़ा बदलाव देखने को मिला। तेज आंधी से जिला में अलग-अलग स्थानों पर 30 से अधिक पेड़ टूटने की सूचनाएं मिली। नहरों व सड़कों के आसपास पेड़ टूटने की सूचनाएं अधिक रही। वन विभाग की ओर से मौके पर पहुंच कर टूटे हुए पेड़ हटाए गए। वहीं, औसतन तीन एमएम बारिश दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

दो डिग्री तापमान में हुई मामूली गिरावट दर्ज

तीन जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई जा रही हैं। मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई। देर शाम तक भी हवाएं चलती रही और बादल छाए रहे। नौतपा के आठवें दिन शनिवार सुबह धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज हो गई। दोपहर के समय भीषण गर्मी ने बेहाल किया। लोगों को गर्मी से बचाव के लिए छांव का सहारा लेते देखा गया। लेकिन दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ।

बारिश के बाद लोगों को मिली गर्मी से राहत

आंधी के साथ बूंदाबांदी होने लगी और फिर कुछ समय बाद बारिश शुरू हो गई। औसतन तीन मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बारिश से पहले 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। हालांकि, महम, सांपला, कलानौर व लाखन माजरा सहित चार खंडों में बारिश हुई जबकि रोहतक खंड में केवल बूंदाबांदी हुई है। इससे तापमान में दो डिग्री सेल्सियस गिरावट हुई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले समय में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। इसके साथ ही बारिश के चलते मौसम ठंडा हो जाएगा। साथ ही तीन जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई है।