यूपी से हरियाणा तक बनेगा पुल, 15 किलोमीटर की दूरी होगी कम

उत्तर प्रदेश व हरियाणा की दूरी कम करने के लिए यमुना पर प्रस्तावित पुल के निर्माण के लिए अब जल्द भूमि अधिग्र्रहण शुरू हो जाएगा। अलीगढ़ के मालव से पलवल जिले के हसनपुर तक 500 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाना है। इस पर 2.74 करोड़ रुपये खर्च कर 3.54 हेक्टेयर (42 बीघा) जमीन का अधिग्रहण होना है। इसके लिए दोनों प्रदेशों के किसानों की सहमति मिल गई है। किसानों को सर्किल रेट के मुकाबले दो गुना मुआवजा दिया जाएगा। जल्द ही खैर तहसील में बैनामों की शुरुआत हो जाएगी।
मथुरा से 84 कोसी परिक्रमा अलीगढ़ के टप्पल के मालव से होकर निकलती है। यहां यमुना नदी भी परिक्रमा मार्ग में आती है। पुल न होने से श्रद्धालुओं को नाव से नदी पार करनी पड़ती है। मालव समेत आसपास के गांवों के लोग भी हसनपुर व पलवल नाव से ही जाते हैैं। किसानों को टप्पल-जट्टारी होते हुए पलवल मंडी जाना पड़ता है। अलीगढ़ के लोगों को पलवल पहुंचने में 15 किमी ज्यादा चलना पड़ता है। इसलिए काफी समय से स्थानीय लोग यमुना नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।