रिजल्ट से एक दिन पहले बाजार 2700 अंक उछला निवेशकों ने 12 लाख करोड़ कमाए

चुनाव नतीजों से एक दिन पहले शेयर बाजार में रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 2777 पॉइंट की तेजी के साथ 76,738 के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी ने भी 808 पॉइंट की तेजी के साथ 23,338 का ऑल टाइम हाई बनाया।

हालांकि, बाद में बाजार अपने ऊपरी स्तरों से थोड़ा नीचे आया और सेंसेक्स 2,507 पॉइंट के तेजी के साथ 76,468 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 733 पॉइंट चढ़कर 23,263 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में तेजी और 5 में गिरावट रही।

निवेशकों की वेल्थ लगभग 12 लाख करोड़ बढ़ी

शेयर बाजार में आई इस तेजी से कारोबार के दौरान निवेशकों की वेल्थ लगभग 12 लाख करोड़ रुपए बढ़ गई है। BSE का मार्केट कैप शुक्रवार को 4,12,12,881 करोड़ रुपए था जो आज यानी, 3 जून को कारोबार को दौरान बढ़कर 4,23,71,233 करोड़ रुपए पहुंच गया।

निफ्टी PSU बैंक 8.40% चढ़कर बंद

आज सभी सेक्टर हरे निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी PSU बैंक में रही। यह 8.40% चढ़कर बंद हुआ। निफ्टी ऑयल एंड गैस 6.81% चढ़ा। रियल्टी सेक्टर में भी 5.95% की तेजी रही। मेटल और मीडिया सेक्टर 3% से ज्यादा चढ़े। निफ्टी ऑटो में 2.45% की तेजी रही।

रिलायंस का शेयर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा

RIL ने 3,029 रुपए का ऑलटाइम हाई बनाया है। हालांकि बाद में ये थोड़ा नीचे आया और शेयर 5.84% की तेजी के साथ 3,027 रुपए पर बंद हुए। इस साल रिलायंस का शेयर 16% से ज्यादा चढ़ा है। इस तेजी के साथ रिलायंस का मार्केट कैप बढ़कर 20.45 लाख करोड़ हो गया है।

बाजार में तेजी के 3 कारण:

  • 1 जून को लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल आने के बाद सोमवार को मार्केट पहली बार खुला है। माना जा रहा है कि एग्जिट पोल में मजबूत सरकार बनने के अनुमान ने मार्केट में पॉजि​​​​​टिव सेंटिंमेंट को बढ़ावा दिया है। यह भी अनुमान है कि नई सरकार डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम करेगी, जिससे इकोनॉमी मजबूत होगी।
  • शुक्रवार को देश के GDP को लेकर डेटा जारी किया है। इसमें इकोनॉमी को मजबूत होते हुए दिखाया गया है। NSO के मुताबिक 2023-24 के चौथे तिमाही में GDP ग्रोथ 7.8% रही है। सरकार ने पूरे साल यानी, वित्त वर्ष 2024 के लिए भी GDP का प्रोविजनल एस्टिमेट जारी किया है। FY24 में GDP ग्रोथ 8.2% रही है।
  • रिलायंस, HDFC बैंक, SBI, ICICI बैंक जैसे शेयरों में खरीदारी ने सेंसेक्स को बढ़ाया।

शुक्रवार को भी बाजार में तेजी रही थी

इससे पहले पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी 31 मई को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 75 अंक की तेजी के साथ 73,961 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 42 अंक की तेजी रही, ये 22,530 के स्तर पर बंद हुआ था।

क्रोनॉक्स लैब साइंसेज का IPO ओपन हुआ

क्रोनॉक्स लैब साइंसेज लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए आज ओपन हो गया है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 5 जून तक बोली लगा सकेंगे। इस IPO के लिए रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट खरीदना होगा। कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड ₹129- ₹136 प्रति शेयर तय किया है। यदि आप IPO के अपर प्राइज बैंड ₹136 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं तो आपको ₹14,960 लगाने होंगे। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट यानी 1430 शेयर के लिए बिडिंग कर सकते हैं, जिसके लिए ₹194,480 इन्वेस्ट करने होंगे।