लिवर डिजीज की तरफ इशारा करते हैं शरीर में नजर आने वाले ये संकेत

दुनियाभर में आज वर्ल्ड लिवर डे (World Liver Day 2024) मनाया जा रहा है। हर साल 19 अप्रैल को यह दिन लिवर हेल्थ (Liver Health) के प्रति जागरूकता फैलाने और लिवर डिजीज की रोकथाम के मकसद से मनाया जाता है। लिवर हमारे शरीर का सबसे अहम अंग है, जो कई सारे जरूरी कार्य कर हमें हेल्दी रखने में मदद करता है। यह हमारे शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालने में मदद करता है और साथ ही यह खून को फिल्टर करने में भी मदद करता है। ऐसे में जरूरी है कि सेहतमंद रहने के लिए अपने लिवर को भी हेल्दी बनाया जाए। इन दिनों खराब जीवनशैली की वजह से लोग कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का शिकार होते जा रहे हैं। लिवर डिजीज इन्हीं समस्याओं में से एक है, जिससे आजकल कई लोग प्रभावित है। शरीर में लिवर से जुड़ी समस्या होने पर कुछ संकेत नजर आते हैं, जिनकी पहचान कर आप समय रहते इसका इलाज कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ वॉर्निंग्स साइन्स के बारे में-

पेट के आसपास चर्बी

पेट के आसपास अत्यधिक चर्बी लिवर खराब होने का संकेत हो सकती है। यह जमा हुआ फैट फैटी लिवर डिजीज जैसी स्थितियों से जुड़ा हुआ है, जो संभावित लिवर की डिस्फंक्शन का संकेत देता है।

पीलिया

त्वचा और आंखों का पीला पड़ना, जिसे पीलिया कहा जाता है, लिवर की खराबी का एक सामान्य संकेत है। यह तब होता है जब लीवर बिलीरुबिन को प्रभावी ढंग से प्रोसेस करने में असमर्थ होता है।

पेट दर्द

पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में, जहां लिवर स्थित है, असुविधा या दर्द होना भी लिवर की समस्याओं का लक्षण हो सकता है। यह हल्के दर्द से शुरू होकर तेज और लगातार होने वाले दर्द में बदल सकता है।

​एसिडिटी और हार्टबर्न

एसिडिटी और सीने में जलन पीलिया, पेट दर्द और सूजन जैसे अन्य लक्षणों के साथ लिवर की डैमेज का संकेत दे सकता है। लिवर डिस्फंक्शन पाचन को बाधित करता है, जिससे एसिड रिफ्लक्स और गैस्ट्रिक असुविधा हो सकती है।