वन विभाग ने झोंकी पूरी ताकत, रुक नहीं रहा आग का तांडव; 24 घंटे के अंदर 43 घटनाओं में 62 हेक्टेयर जंगल खाक

प्रदेश में लगातार जंगलों को बचाने में वन विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसके बावजूद आग की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। गुरुवार को 24 घंटे के भीतर प्रदेश में आग की 43 नई घटनाएं हुईं, जिनमें कुल 62 हेक्टेयर वन क्षेत्र को क्षति पहुंची है।

कुल 804 घटनाओं में 1011 हेक्टेयर वन क्षेत्र जला

फायर सीजन में अब तक कुल 804 घटनाओं में 1011 हेक्टेयर वन क्षेत्र जल चुका है। उत्तराखंड में जंगलों के झुलसने का सिलसिला जारी है। वन विभाग सेना के सहयोग से लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहा है। शरारती तत्व भी वन विभाग की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं।

अब तक इस सीजन में लगाने पर वन संरक्षण अधिनियम और वन अपराध के तहत 315 मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। जिनमें 267 मुकदमे अज्ञात और 48 मुकदमे ज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध कराए गए हैं। साथ ही अब तक कुल 52 व्यक्तियों को जंगल में आग लगाने पर गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्रदेश में अब तक जंगल की आग की स्थिति

  • क्षेत्र, घटना, प्रभावित क्षेत्र
  • गढ़वाल क्षेत्र, 314, 362
  • कुमाऊं क्षेत्र, 427, 575
  • वन्यजीव आरक्षित, 63, 74
  • कुल, 804, 1011
  • मानव घायल, 04
  • (प्रभावित क्षेत्र हेक्टेयर में है।)