शशि थरूर ने ‘Snollygoster’ का इस्तेमाल कर नीतीश कुमार पर किया कटाक्ष, पढें क्या होता है इसका मतलब

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बार फिर पाला बदलकर भाजपा के साथ सरकार बनाने से पूरा विपक्ष उनसे खफा है। कोई उन्हें अवसरवादी तो कोई वादाखिलाफी करने वाले नेता बता रहा है। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भी नीतीश पर हमला बोला है।

शशि थरूर ने नीतीश पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘स्नोलीगोस्टर’ बताया। इससे पहले भी वो नीतीश के लिए इस शब्द का इस्तेमाल कर चुके हैं, जिससे लोग शब्दकोश नहीं समझ पाए।

स्नोलीगोस्टरका यह है मतलब

दरअसल, शशि थरूर ने बिहार में महागठबंधन से नाता तोड़ने पर जदयू मुखिया नीतीश कुमार पर रविवार को कटाक्ष करते हुए उन्हें एक चालाक और सिद्धांतहीन राजनीतिज्ञ करार दिया। उन्होंने इसके लिए ‘स्नोलीगोस्टर’ शब्द का प्रयोग किया।

2017 में भी किया था पोस्ट

थरूर ने 2017 का अपना इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर किया गया वह पोस्ट साझा किया, जब नीतीश बिहार में राजद और कांग्रेस की साझेदारी वाले महागठबंधन से अलग होकर भाजपा से हाथ मिला लिया था। थरूर ने 2017 में ट्वीट (वर्तमान में एक्स) किया था- आज का शब्द! स्नोलीगोस्टर। अमेरिका में इसका अभिप्राय एक चालाक, सिद्धांतहीन राजनीतिक नेता से है।

पुराना पोस्ट किया टैग

कांग्रेस सांसद ने अपने इस पुराने पोस्ट को टैग करते हुए रविवार को एक्स पर कहा- ‘यह अहसास नहीं था कि एक और दिन इस शब्द का इस्तेमाल होगा– स्नोलीगोस्टर।’ हालांकि उन्होंने नीतीश कुमार का नाम नहीं लिया।

नवंबर 2022 में थरूर ने रंग-बिरंगे खंभे पर चढ़ते समय रंग बदलते हुए एक गिरगिट का वीडियो पोस्ट करके भारत में दल-बदल करने वाले राजनीतिक नेताओं पर कटाक्ष करते हुए ‘स्नोलीगोस्टर’ शब्द का प्रयोग किया था। उधर, कोलकाता में थरूर ने कहा कि भारत की सीमा पर चीन की मौजूदगी के समय भारत के लिए सचमुच में गुटनिरपेक्ष बने रहना संभव नहीं है।