शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में हिंदूवादी संगठन कर रहे प्रदर्शन

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण के विरोध में आज हिंदूवादी संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी उग्र प्रदर्शन करते हुए संजाैली बाजार पहुंचे और बैरिकेड्स तोड़ दिए। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसमें एक पुलिस कर्मी के साथ कई प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं। माहाैल तनावपूर्ण बना हुआ है।  

संजाैली बाजार में माहाैल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। मस्जिद क्षेत्र के बाहर पुलिस ने फिर से बैरिकेडिंग की। पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शनकारी  सड़क पर बैठकर चक्का जाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
मस्जिद से 100 मीटर दूर हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। माैके पर तैनात पुलिस बल की ओर से पानी की बौछारें छोड़कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है। लाठीचार्ज में कई प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आई हैं। एसपी शिमला प्रदर्शनकारियों को मनाने में जुटे हैं, लेकिन लोग हटने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें छोड़कर कर रोकने का प्रयास किया जा रहा है।  फिलहाल प्रदर्शनकारी संजौली बाजार में डटे हैं।  प्रदर्शनकारी मस्जिद से करीब 100 मीटर दूर हैं। डीसी शिमला, आईजी जेपी सिंह भी माैके पर पहुंचे हैं। लाठीचार्ज पर स्थानीय लोग  भड़क गए हैं।