स्वास्थ्य विभाग के प्रयास धड़ाम, डेंगू पर नहीं लग रही लगाम

कठुआ। जिले में स्वास्थ्य विभाग तमाम प्रयासों के बावजूद डेंगू पर लगाम लगाने में नाकाम दिखाई दे रहा है। शनिवार को नौ नए मामले आने के बाद अब तक जिले में डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा 115 तक पहुंच चुका है। इसके साथ ही जिले भर में स्वास्थ्य विभाग का डोर-टू-डोर अभियान जारी है, जहां लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने और उन्हें बचाव की जानकारी दी जा रही है।

ताजा मामलों में सबसे चिंताजनक स्थिति शहर के वार्ड एक में बनी हुई है, जहां एक बार फिर तीन नए मामले आ गए हैं। इसमें 18 वर्षीय युवक, एक 74 वर्षीय बुजुर्ग और एक 36 वर्षीय व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके साथ ही डेंगू के हॉट स्पॉट रहे इस वार्ड में अब तक मिले मरीजों की संख्या 23 हो गई है। इसके अतिरिक्त बिलावर में एक 19 वर्षीय युवक, महानपुर में 33 वर्षीय व्यक्ति, राजबाग में 12 वर्षीय छात्रा, शहर के वार्ड चार में एक 40 वर्षीय महिला, हीरानगर में एक 50 वर्षीय व्यक्ति और औद्योगिक क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है,

इस बारे में जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल का कहना है कि जिला स्वास्थ्य विभाग डेंगू को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करने के अलावा पाॅजिटिव पाए गए मरीजों को तुरंत बेहतर उपचार दे रहा है। इसका परिणाम यह रहा है कि अब तक पॉजिटिव पाए गए मरीजों में किसी की भी स्थिति को बिगड़ने नहीं दिया गया है। 47 मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं। लिहाजा अब जिले में डेंगू के पॉजिटिव एक्टिव केस 64 बचे हैं।