हफ्ते भर तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं

घने कोहरे एवं बादलों की ओट में ठंड का तासीर बिगड़ने लगा है। उत्तर भारत से धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए यह मध्य भारत के राज्यों को भी अपनी चपेट में लेने लगा है। न्यूनतम तापमान तो कब का नीचे खिसक गया था। अब अधिकतम तापमान भी गोता लगाने लगा है। जम्मू से लेकर दिल्ली तक पिछले दो दिनों में लगभग पांच डिग्री नीचे आ गया है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार करीब हफ्तेभर तक राहत मिलने की संभावना नहीं है। यहां तक कि दो-तीन दिनों के भीतर शीतलहर की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। पाकिस्तान के पास एक और पश्चिमी विक्षोभ पनप रहा है जो तीन-चार दिनों में भारत में प्रवेश करेगा। इसके कारण वर्षा का एक और दौर शुरू हो सकता है।
निजी एजेंसी स्काइमेट ने नौ जनवरी को दिल्ली समेत राजस्थान एवं हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश की आशंका जताई है। अभी यूपी-बिहार के कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हो रही है। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने जनवरी के पहले हफ्ते में ठंड बढ़ने की आशंका जताई थी। इसके लिए घना कोहरा और वर्षा को जिम्मेवार बताया गया था।
, यूपी-बिहार के क्षेत्र में दो तरह की हवाएं आपस में टकरा रही हैं। एक चक्रवात हरियाणा के ऊपर और दूसरा ओडिशा के आसपास बना हुआ है। दोनों तरफ से हवाएं आ रही हैं, जिसके चलते उत्तर पूर्व का एक बड़ा हिस्सा बादलों से घिरा हुआ है। छिटपुट बारिश भी हो रही है। जिन क्षेत्रों में बारिश नहीं हो रही है, वहां घना कोहरा छाया हुआ है।
मौसम विज्ञानियों ने दो-तीन दिनों में कोहरे के विरल हो जाने की संभावना जताई है। इससे दृश्यता बढ़ जाएगी। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली एवं यूपी के पश्चिमी भाग का मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन ठंड से निजात नहीं मिलेगी। पूर्वी चक्रवात के असर से अगले चार दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश एवं झारखंड के एक बड़े वर्ग क्षेत्र में बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। यही वह समय होगा जब ठंड अति प्रचंड होकर शीतलहर में बदल सकती है।मौसम विज्ञानी बताते हैं कि इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बहुत कम का अंतर हो
सकता है। उत्तर भारत के कई इसाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर दो से तीन डिग्री तक पहुंच सकता है। चार डिग्री या उससे कम तापमान की स्थिति होने पर आइएमडी शीतलहर की घोषणा करता है।
तीन जनवरी तक के मौसम का हाल बता रहा है कि शीतलहर की आशंका गहरी हो सकती है। अभी तक अधिकतम तापमान के सामान्य से अधिक होने के कारण माना जा रहा था कि इस बार अधिक ठंड नहीं पड़ेगी, लेकिन हफ्ते भर में मौसम ने रंग बदला है।
उत्तर भारत के सभी राज्यों में अधिकतम तापमान तेजी से फिसला है। दिल्ली, जम्मू, पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में छह से आठ डिग्री के बीच पहुंच गया है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मध्य एवं बिहार के कुछ भागों में घना कोहरा एवं वर्षा के चलते शीतलहर जैसी स्थिति देखी गई है।