12 साल की बच्ची… गर्भ में 12 हफ्ते का शिशु

दुष्कर्म का दर्द झेल रही बच्ची कई और दर्द का सामना कर रही है। 12 साल की उम्र में ही उसके गर्भ में 12 हफ्ते का भ्रूण पल रहा है। उसका प्रसव हो या गर्भपात, दोनों स्थितियों में उसे दर्द का सामना करके अग्नि परीक्षा देनी होगी। अब बच्ची की जान बचाने के लिए चिकित्सक भी तरकीबें खोज रहे हैं और बाल कल्याण समिति व परिजनों की सहमति का इंतजार कर रहे हैं। प्रक्रियाओं पर गौर करके चिकित्सकों की भी रूह कांप रही है।

हैवानों ने 12 साल की बच्ची को हवस का शिकार बनाकर उसकी मासूमियत का कत्ल कर दिया। दरिंदों ने उसके दर्द को कई गुना बढ़ा दिया है। शारीरिक बदलावों के साथ खेलने-कूदने की उम्र में ही वह गर्भवती हो गई है। अभी न तो वह शारीरिक ना ही मानसिक रूप से इसके लिए सक्षम है। इसके जोखिमों व जटिलताओं से भी वह अनजान है। किसी तरह उसका प्रसव या गर्भपात करा भी दिया गया तो भविष्य में भी वह तमाम परेशानियों से जूझेगी। -अभी बच्ची की उम्र प्रसव योग्य नहीं है। 24 हफ्ते तक गर्भपात हो सकता है। सामान्य प्रसव के जरिए भ्रूण निकालने की कोशिश की जाएगी। लेकिन दोनों परिस्थितियों में बाल कल्याण समिति और परिजनों की सहमति जरूरी है। यह बहुत ही जोखिमपूर्ण है।
टीन एज की प्रेग्नेंसी ही घातक होती है। इस बच्ची की उम्र तो 12 साल ही है। अभी उसके शरीर में तमाम बदलाव हो रहे होंगे। इस उम्र में गर्भ भी ठहरना ठीक नहीं होता। हालांकि प्रेग्नेंसी कंटीन्यू करना और भी घातक हो सकता है। लेकिन गर्भपात के दौरान भी जोखिम कम नहीं है। गर्भाश्य में छेद होने, अधिक रक्तस्राव होने के साथ असहनीय दर्द भी होगा। इस उम्र में बच्ची के लिए वह दर्द सहन करना भी कठिन हैं।
आरोपी सपा नेता मोईद खान के घर पर भी बुलडोजर चलेगा। राजस्व विभाग की जांच में पता चला है कि मोईद ने श्मशान की 630 वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा कर आवास बनाया है। इसी तरह से तालाब और सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर बनाया गया दो मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी ध्वस्त किया जाएगा। सोहावल के उप जिलाधिकारी अशोक सैनी ने बताया कि राजस्व विभाग की जांच रिपोर्ट डीएम चंद्र विजय सिंह को सौंपी जाएगी। इसके बाद उसके घर पर भी बुलडोजर चलवाया जाएगा।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह घटना बहुत की दर्दनाक व शर्मनाक है। मैंने अपनी 45 साल की राजनीति में कभी ऐसे लोगों का साथ नहीं लिया। जहां तक आरोपी के साथ तस्वीर का सवाल है, हम लोग राजनीति करते हैं। चुनाव से लेकर जीतने तक सैकड़ों लोगों ने फोटो खिंचाई, सेल्फी ली। रोज 500 लोग फोटो खिंचाते हैं।