दिल्ली में बाढ़ से 40 ट्रेनें रद्द, 34 का रूट बदला; मेट्रो से लेकर कश्मीरी गेट ISBT तक कैसा हाल

दिल्ली में बाढ़ से 40 ट्रेनें रद्द, 34 का रूट बदला; मेट्रो से लेकर कश्मीरी गेट ISBT तक कैसा हाल
दिल्ली में बाढ़ से 40 ट्रेनें रद्द, 34 का रूट बदला; मेट्रो से लेकर कश्मीरी गेट ISBT तक कैसा हाल
राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में आई बाढ़ का असर ट्रेन से लेकर मेट्रो और बस सेवा तक देखा जा रहा है। यमुना में बाढ़ के बाद लोहे के पुल पर लगातार दूसरे दिन भी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। उसके चलते कुल 99 ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है।

राजधानी दिल्ली में यमुना नदी में आई बाढ़ का असर ट्रेन से लेकर मेट्रो और बस सेवा तक देखा जा रहा है। यमुना में बाढ़ के बाद लोहे के पुल पर लगातार दूसरे दिन भी ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। उसके चलते कुल 99 ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। यह सभी ट्रेन लोकल गाजियाबाद, सोनीपत, पानीपत, सहारनपुर, शामली समेत अन्य इलाकों को जाने वाली थीं। उत्तर रेलवे का कहना है कि सुरक्षा कारणों से लोहे का पुल बंद किया गया था, जिसके चलते ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

उत्तर रेलवे के मुताबिक 99 ट्रेन में से 40 ट्रेन को रद्द कर दिया गया है, जिसमें ज्यादातर ट्रेन दिल्ली गाजियाबाद, दनकौर, सहारनपुर, शामली, जम्मूतवी-शालीमार एक्सप्रेस समेत ट्रेन शामिल है। उसी तरह 34 ट्रेन को डायवर्जन करके परिचालन किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी ना हो।

यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर रोका गया प्रवेश-निकास
वहीं, यमुना में बढ़े जलस्तर के कारण ब्लू लाइन (नोएडा से द्वारका) पर पड़ने वाले यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर गुरुवार सुबह स्टेशन परिसर में प्रवेश व निकास को रोक दिया गया था। मेट्रो का परिचालन स्टेशन से होता रहा और इंटरचेंज की सुविधा भी लोगों को मिल रही थी, लेकिन स्टेशन में प्रवेश व निकास बंद कर दिया गया। पूरे दिन यही व्यवस्था बनी रही।

लोगों ने खुद खोला दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे : जाम से परेशान होकर बुधवार देर रात उत्तर-पूर्वी दिल्ली में लोगों ने दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा आवाजाही के लिए खोल दिया। दुपहिया चालकों ने शास्त्री पार्क चौक के पास दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए बने लूप पर रास्ता बंद करने के लिए लगाया गया पत्थर हटा दिया और बाइकर वहां से चढ़ गए।

कश्मीरी गेट बस अड्डे तक पहुंचा पानी, यात्री परेशान
कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बसअड्डे परिसर में बुधवार को बारिश के कारण भरा पानी गुरुवार को भी नहीं निकला। बसों को बस अड्डे के अंदर पानी में ही खड़ा करना पड़ा। पानी में खड़ी बसों तक पहुंचने में यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण डीटीसी मुख्यालय के बगल से बहने वाले नाले को यमुना में गिरने से रोक दिया गया है। रिहायशी इलाकों में यमुना का पानी पहुंचने से रोकने के लिए बंद किया गया यह नाला गुरुवार को ओवरफ्लो हो गया। नाले का पानी डीटीसी मुख्यालय में भर जाने के कारण कार्यालय परिसर गंदे पानी से लबालब हो गया। इसकी वजह से अधिकारियों और कर्मचारियों का कार्यालय के अंदर पहुंचना मुश्किल हो गया और डीटीसी मुख्यालय बंद कर दिया गया। अब जब तक मुख्यालय परिसर से पानी नहीं निकलेगा कार्यालय में कामकाज बंद रहेगा। मुख्यालय के बगल में डीटीसी के इंद्रप्रस्थ डिपो में भी पानी जमा हो गया। पानी के कारण बसों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो गई।