हिंदी भाषा में इन दक्षिण भारतीय फिल्मों ने की जमकर कमाई

दक्षिण भारतीय फिल्में केवल अपने क्षेत्र तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी लोकप्रियता सभी सीमाओं को पार करते हुए देश के कोने कोने में पहुंच चुकी है। एक्शन, इमोशन, ड्रामा और कॉमेडी जैसे हर मसाले से भरपूर इन फिल्मों को हर आयुवर्ग के लोग देखना पसंद करते हैं। यही वजह है कि साउथ के बड़े सितारों की फिल्में हिंदी भाषा में भी जमकर कमाई करती हैं। आज हम आपको उन शीर्ष पांच फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने हिंदी भाषा में जमकर कारोबार किया है।

बाहुबली 2 भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। इस फिल्म ने दक्षिण भारत में ही नहीं बल्कि हिंदी भाषी राज्यों में भी जमकर धमाल मचाया था। फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका में नजर आए थे। इसका निर्देशन एस एस राजामौली ने किया था। बाहुबली 2 ने हिंदी भाषा में 511 करोड़ रुपये का कारोबार किया था।

कोरोना संक्रमण काल के दौरान रिलीज होने के बावजूद केजीएफ 2 ने कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले थे। दक्षिण भारत के साथ फिल्म को हिंदी पट्टी में भी भरपूर प्यार मिला था। यश अभिनीत इस फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील ने किया था। हिंदी भाषा में केजीेएफ चैप्टर 2 ने 434.62 करोड़ का कलेक्शन कर दिग्गजों को भी हैरान कर दिया था।

इस सूची में प्रभास की एक और फिल्म यानी कल्कि 2898 एडी भी शामिल है। नाग अश्विन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 जून को रिलीज हुई थी। उसी समय से यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार अच्छी कमाई कर रही है। हाल ही में इस फिल्म ने अपने दमदार कलेक्शन की बदौलत आरआरआर को पीछे छोड़कर तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

एस एस राजामौली अपनी सुपरहिट फिल्मों के लिए लोकप्रिय हैं। आरआरआर भी उन्हीं के निर्देशन में बनी फिल्म है। इस फिल्म के हिंदी संस्करण को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इस फिल्म में राम चरण और जूनियर एनटीआर मुख्य भूमिकाओं में थे। हिंदी भाषा में इस फिल्म ने 274.31 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

तमिल सुपरस्टार रजनीकांत की लोकप्रियता पूरे देश में देखने को मिलती है। हिंदी भाषी राज्यों में भी उनकी फिल्मों का लोगों को इंतजार रहता है। फिल्म 2.0 को हिंदी पट्टी में भी काफी पसंद किया गया था। यही वजह है कि बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के हिंदी संस्करण ने 189.55 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था।