नवरात्र में मैहर की मां शारदा के दर्शन के लिए उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब

नवरात्र में मैहर की मां शारदा के दर्शन के लिए उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब
नवरात्र में मैहर की मां शारदा के दर्शन के लिए उमड़ रहा श्रद्धालुओं का सैलाब

मैहर। मां शारदा धाम में शारदेय नवरात्र महोत्सव के दौरान भक्तों की आस्था का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले दिन करीब 1 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, दूसरे दिन संख्या 95 हजार रही और तीसरे दिन यह बढ़कर लगभग 1.25 लाख तक पहुंच गई।

चतुर्थी (गुरुवार, 25 सितंबर 2025) को भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दोपहर 12 बजे तक 72,639 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे और अनुमान है कि शाम तक यह संख्या 1 लाख पार कर जाएगी।

जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व सुविधा के विशेष इंतजाम किए हैं। कतार प्रबंधन, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं और महिला सुरक्षा पर खास ध्यान दिया गया है।

नवरात्र के हर दिन माता के अलग-अलग स्वरूप की पूजा हो रही है। प्रतिपदा को मां शैलपुत्री, द्वितीया को ब्रह्मचारिणी, तृतीया को मां चंद्रघंटा और चतुर्थी पर मां कूष्मांडा की आराधना की गई।

पूरा मैहर नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है और ‘जय मां शारदा’ के जयकारों से गूंज रहा है। इस बीच दर्शन के लिए आई एक लड़की की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने तत्काल स्वास्थ्य सुविधा दिलाई और अब वह स्वस्थ है।