AAP का दावा: गिरफ्तारी के बाद से 4.5 किलो घटा केजरीवाल का वजन, डॉक्टरों ने जताई चिंता; जेल प्रशासन ने कहा ये

तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। आम आदमी पार्टी सूत्रों की तरफ से बताया जा रहा है कि अब तक केजरीवाल का वजन काफी घट गया है। केजरीवाल का तेजी से वजन घट रहा है। 21 मार्च को गिरफ्तार होने के बाद से अब तक केजरीवाल का साढ़े चार किलो वजन कम हुआ है। सीएम के घटते वजन पर डॉक्टर्स ने चिंता जताई है। हालांकि, तिहाड़ जेल प्रशासन के मुताबिक अरविंद केजरीवाल बिलकुल ठीक हैं। जेल के डॉक्टरों ने ऐसी कोई चिंता जाहिर नहीं की है। 

जेल में केजरीवाल की पहली रात बेचैनी में कटी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तिहाड़ जेल में पहली रात बेचैनी में गुजरी। सोमवार देर रात तक वे करवट बदलते रहे। हालांकि, मंगलवार सुबह वे काफी सहज दिखे। उन्होंने योग किया और फिर जेल नियमों के मुताबिक उन्हें बिना चीनी वाली चाय व ब्रेड नाश्ते में दी गई। इसके बाद उन्होंने अखबार पढ़ा और कुछ देर टेलीविजन भी देखा।

जेल सूत्रों का कहना है कि सोमवार शाम जेल में आने के बाद उनकी रात काफी असहज रही। साढ़े छह बजे उन्होंने घर का खाना खाया। अदालत ने मधुमेह होने से उन्हें सुबह-शाम घर का खाना खाने की इजाजत दी है, जबकि नाश्ता जेल का ही करेंगे। उनके नाश्ते से आलू हटा दिया गया है। उनके सेल में मच्छरदानी लगा दी गई। रात में दो बार उनकी नींद खुली। इसके बाद वे कुर्सी पर बैठकर कुछ देर तक सोचते रहे। फिर पानी पीकर सो गए। सुबह करीब छह बजे उठकर उन्होंने डेढ़ घंटे तक प्राणायाम किया। इसके बाद उन्हें चाय व नाश्ता दिया गया। दिन में वह सेल से बाहर भी निकले और अहाते में चहलकदमी की।

सेहत पर जेल प्रशासन की नजर
मुख्यमंत्री को मधुमेह की समस्या है। इसे लेकर उनकी सेहत को लेकर जेल प्रशासन की पैनी नजर है। केजरीवाल को ग्लूकोमीटर, इसबगोल, ग्लूकोज, और अचानक शुगर का स्तर कम होने पर जेल अधीक्षक को टॉफी देने को कहा गया है।