रानी कमलापति स्टेशन के बाद प्रदेश के तीन और स्टेशन होंगे अत्याधुनिक : शिवराज

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बताया कि राजधानी भोपाल के कमलापति स्टेशन के बाद अब प्रदेश के तीन और स्टेशन ग्वालियर, इंदौर और खंडवा को अत्याधुनिक स्वरूप में विकसित करने के लिए प्रक्रिया विभिन्न चरणों में है। श्री चौहान ने ट्वीट करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मार्गदर्शन में रेलवे अभूतपूर्व प्रगति कर रहा है, जिसके तहत मध्यप्रदेश में अधोसंरचना, रेलवे ट्रैक, नई तकनीक और यात्री सुविधाओं में अद्वितीय विकास जारी है। बजट में प्रदेश के लिए विशेष सौगात है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2009-14 में मध्यप्रदेश के लिए रेलवे का वार्षिक बजट 632 करोड़ रुपए था, वहीं 2023-24 के लिए 13 हजार 607 करोड़ रुपए 21 कार्यों हेतु आवंटित हैं। अभी छह हजार 759 किमी के 86 हजार 336 करोड़ रुपए लागत व्यय के 40 प्रोजेक्ट जारी हैं। अमृत भारत स्टेशन के तहत प्रदेश में विश्वस्तरीय 80 स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि अत्याधुनिक विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ 100 करोड़ रुपए की लागत से रानी कमलापति स्टेशन को विकसित किए जाने के बाद अब रेलवे स्टेशनों ग्वालियर (535 करोड़), इंदौर (340 करोड़), खंडवा (300 करोड़) को भी अत्याधुनिक स्वरूप में विकसित करने के लिए प्रक्रिया विभिन्न चरणों में प्रगतिरत हैं।