मोदी सरकार ने देश भर में बनवाए जनजातीय स्मारक, सभी में किया कोल विद्रोह को याद : शाह

Amit Shah
Amit Shah

Amit Shah, सतना, 24 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज कहा कि कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल के दौरान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के लिए कोई कार्य नहीं किया और नरेंद्र मोदी सरकार ने देश भर में ऐसे नायकों के सम्मान में 10 स्मारक बनवाए, जिनमें सभी में 1831 के कोल विद्रोह का भी स्मरण किया गया। शाह मध्यप्रदेश के सतना में मां शबरी जयंती के अवसर पर आयोजित कोल महाकुंभ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, स्थानीय सांसद गणेश सिंह समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में गरीबों के पास शौचालय तक भी नहीं थे।

Amit Shah

नरेंद्र मोदी सरकार ने 10 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनवाए, जिनमें सबसे ज्यादा आदिवासियों के घरों में बने। केंद्र सरकार अब करीब ढाई साल से 80 करोड़ गरीबों के घर में प्रतिमाह पांच किलो अनाज मुफ्त उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय समुदाय के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के देश भर में लगभग 10 स्मारक बनवाए। इनमें से हर स्मारक में 1831 के कोल विद्रोह का भी संदर्भ दिया गया है। इस दौरान उन्होंने रानी दुर्गावती और रानी कमलापति का भी जिक्र करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने सभी जनजातीय नायकों को कहीं न कहीं जोड़ कर उन्हें याद रखने का काम किया है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जबर्दस्त हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने इतने साल में जनजातीय समुदाय के किसी व्यक्ति को राष्ट्रपति नहीं बनाया, लेकिन मोदी सरकार में एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति के पद तक पहुंचाया है। शाह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय देश भर में इस समुदाय पर लगभग 24 हजार करोड़ रुपए की राशि खर्च होती थी, जो अब मोदी सरकार में बढ़ कर 89 हजार करोड़ रुपए हो गई है। पहले देश में 166 एकलव्य मॉडल स्कूल थे, अब 690 हैं।

यह भी पढ़ें : BRIBERY: राज्य बीमा निगम का लिपिक 5,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार