सहायक समिति प्रबंधक को सेवा से पृथक किया गया

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश

सागर, 22 फरवरी (वार्ता): मध्यप्रदेश के सागर जिले के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या. ढाना के सहायक समिति प्रबंधक को सेवा से पृथक किया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार सूर्यकांत दुबे के द्वारा धान उपार्जन केन्द्र ढाना के केन्द्र प्रभारी रहते हुए, बिना धान जमा किये 5999.74 क्विंटल के ट्रक चालान काटे गये और 551.60 क्विंटल धान की अमानक खरीदी की गयी। उपार्जन केन्द्र स्थल पर 11021.56 क्विंटल की कमी पाई गई एवं पूर्व में वेयर हाऊस में जमा धान की मात्रा में 153.08 क्विंटल की कमी है। इस प्रकार उपार्जन केन्द्र पर 17725.985 क्विंटल की कमी पाई गयी।

प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में लागू कर्मचारी सेवा नियम के अनुसार व्यापार संबंधी जारी निर्देशों का पालन करना श्री दुबे का उत्तरदायित्व था, उनके द्वारा इसका पालन न करना गम्भीर दुराचरण की श्रेणी में आता है। श्री दुबे के द्वारा कृषकों के धान भुगतान के समय 03 कृषकों की ऋण राशि नहीं काटी गई। इस राशि को न काटना भी गम्भीर दुराचरण की श्रेणी में आता है।

दुबे के द्वारा संस्था का वर्ष 2020-21 का अंकेक्षण नहीं कराया गया, जबकि संस्था के समिति प्रबंधक का प्रभार उनके पास है और संस्था का अंकेक्षण कराना उनका दायित्व था। इस प्रकार अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन नहीं करते हुए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में लागू सेवा नियम के अनुसार गम्भीर दुराचरण की श्रेणी में पाया गया है।

यह भी पढ़ें : कार ने मोटर साइकिल सवारों काे कुचला, दो की मौत एक घायल