हाट बाजार में महिला की हत्या, पति गंभीर

बड़वानी
बड़वानी

बड़वानी, 20 फरवरी (वार्ता): मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र के दुगानी स्थित हाट बाजार में आज शाम एक व्यक्ति ने अपनी पूर्व पत्नी की सरेआम हत्या कर दी तथा उसके पति को बुरी तरह से घायल कर दिया।

सेंधवा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कमल सिंह चौहान ने बताया कि अंबा अवतार निवासी दगड़िया ने दुगानी के सप्ताहिक हाट बाजार में सती लाल और उसकी पत्नी केरमाबाई पर गन्ने काटने के औजार से हमला बोल दिया। उसने अपनी पूर्व पत्नी केरमा भाई के सिर पीठ और गर्दन पर कई वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। केरमा बाई के पति सती लाल ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन दगड़िया ने उस पर भी कई हमले किए जिसके चलते उसे गंभीर हालत में वरला के शासकीय अस्पताल लाया गया। वहां से उसके परिजन घायल सतिलाल को महाराष्ट्र स्थित धूलिया ले गए हैं।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया उसके अंबा अवतार स्थित घर पर भी ताला पाया गया।
वर्ला के थाना प्रभारी शंकर सिंह रघुवंशी ने बताया कि देवली निवासी दंपति आज दुगानी हाट बाजार में खरीदारी करने आए थे। उनका विवाह कुछ समय पहले ही हुआ था। उन्होंने प्राथमिक विवेचना के आधार पर बताया कि दगड़िया पूर्व पत्नी केरमाबाई द्वारा उसे छोड़कर दूसरी शादी कर लिए जाने से नाराज था।

यह भी पढ़ें-  राहुल गांधी, बहन प्रियंका ने गुलमर्ग में स्नोमोबाइल की सवारी की | देखें video