हितग्राही संपर्क अभियान से नए कार्यकर्ताओं का निर्माण होगा: जामवाल

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश

अनूपपुर, 03 मार्च (वार्ता): मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा है कि सभी कार्यकर्ता हितग्राही संपर्क अभियान के माध्यम से घर घर पहुंचकर भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क और संवाद करें।

जामवाल ने यह बात आज यहां जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कही। श्री जामवाल आज अनूपपुर जिले के प्रवास पर थे। उन्होने अनूपपुर पार्टी कार्यालय में जिले की संगठनात्मक बैठक में मार्गदर्शन दिया। बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम महाजन, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत, जिला अध्यक्ष रामदास पुरी, सांसद हिमाद्री सिंह सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि संपर्क अभियान से हमारे बूथ भी मजबूत हाेंगे और नए कार्यकर्ताओं का निर्माण भी होगा। हम चुनावी रण में उतर चुके है। हमारे लिए हर एक दिन महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने बूथ सशक्तिकरण अभियान को लेकर जो करणीय कार्य निर्धारित किए है, बूथ स्तर पर उन सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करें।
जामवाल ने कहा कि हमारे यहां बूथ केन्द्र, शक्ति केन्द्र की संरचना है, इसे हमें और मजबूत करना है। अगर हम अपने बूथ को सशक्त कर लेंगे तो कोई भी चुनाव जीतना हमारें लिए आसान है। उन्होंने कहा कि हमें बूथ समितियों को निरंतर चलने वाली इकाई बनाना है।