भाजपा नेता दीपक जोशी थाम सकते हैं ”पंजा”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी शनिवार को यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के समक्ष विधिवत कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं।

देवास जिले के बागली और हाटपीपल्या से विधायक रह चुके श्री जोशी काफी दिनों से प्रदेश भाजपा संगठन से नाराज चल रहे थे और उन्होंने एक मई को अपनी नाराजगी सार्वजनिक तौर पर व्यक्त करते हुए कांग्रेस का दामन थामने के संकेत दिए थे। इसके बाद उन्हें मनाने के प्रदेश संगठन की ओर से प्रयास किए गए, लेकिन वे कांग्रेस में जाने के निर्णय पर अडिग दिख रहे हैं। आज उनकी पत्नी की पुण्यतिथि है और वे कल यहां श्री कमलनाथ से मुलाकात के बाद औपचारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। श्री जोशी, शिवराज सिंह चौहान सरकार में वर्ष 2018 के पहले तकनीकी शिक्षा मंत्री भी रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार श्री दीपक जोशी का पार्टी में आना तय हो गया है। उनकी पहले भी श्री कमलनाथ से मुलाकात हो चुकी है और शनिवार को वे औपचारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। इस बीच श्री जोशी से आज उनके मोबाइल फोन पर संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन वह बंद मिला। हालाकि कल देर शाम उन्होंने यहां मीडिया के सवालों के जवाब में कांग्रेस में जाने की बात दोहरायी है।