भाजपा की विकास नहीं, निकास यात्रा: गोविंद

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश

ग्वालियर, 22 फरवरी (वार्ता): मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की विकास यात्रा को लेकर हमला करते हुए आज कहा कि उनकी यह यात्रा विकास नहीं निकास यात्रा है।

डॉ सिंह ने यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा कि भाजपा की सरकार में पिछले 18 वर्षो में साढे तीन लाख करोड का कर्जा है। इस हिसाब से प्रति व्यक्ति 45 हजार रूपये के कर्ज में डूबा हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कांग्रेस की 15 माह की सरकार पर सवाल खडे कर रहे हैं, जबकि अपना 18 वर्षो में किये गये विकास की बात नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नीत सरकार ने प्रदेश में विकास ही कराया होता तो आज उसे विकास यात्रा निकालने की जरूरत ही नहीं पडती।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर गिर रहा है। बेरोजगार को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इन्वेस्टर मीट की जाती है, लेकिन एमओयू के बाद भी राज्य में निवेश नहीं आ पा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने जिन कंपनियों से करार किये थे वह कंपनियां भी भाजपा की सरकार आने के बाद से अपना करार पर अमल नहीं करते हुए भाग निकली हैं।

पत्रकार वार्ता में विधायक डॉ सतीश सिकरवार, प्रदेश प्रवक्ता राम पांडे, आरपी सिंह, अशोक भदौरिया , संभागीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा , जिलाध्यक्ष डॉ देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जोहरे आदि मौजूद थे।