लखनऊ 24 जनवरी (वार्ता): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज क्षेत्र में एक रिहायशी इमारत का हिस्सा ढहने से कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मलबे से तीन शव निकालने की बात कही है हालांकि किसी प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि वजीर हसन रोड पर मंगलवार शाम यह हादसा उस समय हुआ जब एक चार मंजिला इमारत का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना है।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों को बताया कि मलबे से अब तक तीन शव मिले हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अलावा बड़ी तादाद में पुलिस कर्मी राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं। मलबा हटाने के लिये जेसीबी मशीने बुला ली गयी है। घटना के कारण और मलबे में दबे लोगों की सही जानकारी बाद में दी जायेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुये अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तत्परता बरतने के निर्देश दिये हैं और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।