किंगमेकर एलन मस्क खुद राजनीति में कूदे, बन पाएंगे राष्ट्रपति? क्या कहता है अमेरिकी संविधान

किंगमेकर एलन मस्क खुद राजनीति में कूदे, बन पाएंगे राष्ट्रपति? क्या कहता है अमेरिकी संविधान
किंगमेकर एलन मस्क खुद राजनीति में कूदे, बन पाएंगे राष्ट्रपति? क्या कहता है अमेरिकी संविधान
डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों को ठेंगा दिखाते हुए एलन मस्क ने नई राजनीतिक पार्टी का ऐलान तो कर दिया, लेकिन क्या वह 2028 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ सकते हैं? उनकी नई पार्टी बनाने के पीछे क्या रणनीति हो सकती है?

Elon Musk New Party: टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ, दुनिया के सबसे अमीर शख्स और 2024 में डोनाल्ड ट्रंप को दूसरी बार अमेरिकी सत्ता तक पहुंचाने वाले “किंगमेकर” एलन मस्क अब खुद अमेरिकी राजनीति में उतर चुके हैं। उन्होंने शनिवार को एक नई राजनीतिक पार्टी “America Party” की घोषणा की है। मस्क का दावा है कि यह पार्टी अमेरिका के उन 80% मध्यमवर्गीय मतदाताओं की आवाज बनेगी, जो न रिपब्लिकन हैं, न डेमोक्रेट।

एलन मस्क के करीबियों की मानें तो उनकी यह घोषणा स्वाभाविक थी। ऐसा इसलिए क्योंकि, हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने बिग ब्यूटीफुल कानून अमेरिकी संसद में पास करवा लिया है। मस्क इस बिल के खिलाफ थे। जब ट्रंप इस बिल के हिमायती बनते हुए विरोधियों को इस बिल की खूबियां गिना रहे थे, तब मस्क ने कहा था कि अगर बिल पास हो जाता है तो वो अमेरिका के लोगों के लिए नई पार्टी की घोषणा करेंगे। मस्क ने इस बिल को अमेरिकी लोगों के लिए विनाशकारी बताया है। मस्क के मुताबिक, यह बिल सिर्फ अमीरों के लिए फायदेमंद होगा, न कि गरीब और मध्यमवर्गीय के लिए।

क्या 2028 का राष्ट्रपति चुनाव लड़ पाएंगे एलन मस्क?

जैसे ही मस्क की पार्टी का एलान हुआ, सबसे बड़ा सवाल खड़ा हो गया — क्या एलन मस्क खुद राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ सकते हैं? अमेरिका में किसी के लिए भी राष्ट्रपति चुनाव लड़ना आसान नहीं है। अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद II, खंड 1 के अनुसार, कोई भी व्यक्ति तभी अमेरिकी राष्ट्रपति बन सकता है यदि वह तीन शर्तों को पूरा करे। पहली शर्त है- वह जन्म से अमेरिका का नागरिक हो। दूसरा- उसकी उम्र कम से कम 35 वर्ष हो और वह अमेरिका में कम से कम 14 साल से रह रहा हो।

यहां एलन मस्क इन शर्तों में से पहली शर्त पर खरे नहीं उतरते, जो सबसे जरूरी है। मस्क का जन्म 28 जून 1971 को दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया शहर में हुआ था। उन्होंने बाद में अमेरिका की नागरिकता ली, लेकिन चूंकि वे “जन्म से अमेरिकी नागरिक” नहीं हैं, इसलिए संविधान उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने की अनुमति नहीं देता।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

चाहे मस्क के पास असीम दौलत हो, तकनीक और कारोबार की पकड़ हो या एक समर्पित फैन फॉलोइंग, अमेरिकी संविधान की यह शर्त उनका रास्ता रोक देती है। जब तक संविधान में संशोधन नहीं होता, एलन मस्क कभी भी अमेरिकी राष्ट्रपति नहीं बन सकते। ऐसा संशोधन बेहद मुश्किल है क्योंकि उसके लिए दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत चाहिए और फिर 50 में से 38 राज्यों की मंजूरी भी जरूरी होती है।