कांग्रेस का नया एजेंडा विदेशों में देश को बदनाम करने का : शिवराज

'Water warriors'
'Water warriors'

भोपाल, 04 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस और पार्टी के नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का नया एजेंडा देश को बदनाम करने का है। श्री चौहान ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि पेगासस फोन में नहीं, कांग्रेस के डीएनए में है, श्री राहुल गांधी के दिमाग में है। उन्होंने कहा कि उन्हें श्री गांधी की बुद्धि पर तरस आता है। कांग्रेस का नया एजेण्डा है, विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करो। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर देश की आलोचना करना देश विरोधी कदम है। कांग्रेस और राहुल गांधी को देश और देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस देश से साफ होती जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों के दिल में बसे हैं। देश की कीर्ति और प्रतिष्ठा दुनिया में चारों तरफ बढ़ रही है। पूरी दुनिया के राष्ट्र प्रमुख कहते हैं, ‘मोदी जैसा कोई नहीं’।