उमेश पाल की बदहाल मां की देखरेख में जुटे चिकित्सक

उमेश पाल
उमेश पाल

प्रयागराज,25 फरवरी (वार्ता): राजू पाल हत्या कांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या से उनकी मां की मानसिक स्थिति बिगड़ी हुयी है। मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय में डाक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर पैनी नजर बनाये हुये है।

अस्पताल की मनोरोग चिकित्सक डा ईशान्या राज ने कहा कि उमेश पाल की मां शांति देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उनकी मानसिक स्थिति को ठीक करना ही चिकित्सकों का लक्ष्य है। बेटे की हत्या के बाद शांति देवी का रो-रोक कर बुरा हाल है। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी के आदेश पर चार-पांच चिकित्सकों का एक पैनल उनके घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परिक्षण कर रहा है। इस पैनल में मानसिक चिकित्सक, फिजीशियन और अन्य विशेषज्ञ शामिल है।

उन्होंने बताया कि यह दल तब तक यहां रहेगा जबतक उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं हो जाती और वह बेहतर नहीं हो जाती। चिकित्सक उनके परिजनों का लगातार स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे हैं।

राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनकी सुरक्षा में लगे एक गनर की शुक्रवार को गोली और बम मार कर हत्या कर दिया गया। दूसरा गनर भी गंभीर रूप से घायल है जिसका स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में उपचार चल रहा है।

शांती देवी ने बताया कि उनके बेटे की हत्या में पूर्व सांसद अतीक अहमद का हाथ है। उसने पहले ही कहा था कि वह उनके बेटे को छोड़ेगा नहीं। उन्होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान “ अपराधी को मिट्टी में मिला देंगे” पर कहा कि दोषी को मौत की सजा मिले। जितना ज्यादा हो उतना उसे मिट्टी में मिलाएं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बहू के गुजर बसर के लिए सरकार से नौकरी की मांग की है। उन्होंने बताया कि उमेश उच्च न्यायालय में वकालत करता था लेकिन अब उसके बच्चे और पत्नी की आजीविका की समस्या है।

उन्होंने बताया कि अतीक ने धमकी दिया था कि राजू पाल मामले में समझौता हो जाए तो तुम्हारे बेटे को छोड़ दूंगा नहीं तो दो साल के भीतर दोनो बेटों की हत्या करवा देगा। उन्होंने अतीक की धमकी का उत्तर देते हुए कहा था कि मेरे दोनों बेटो को मरवाएगा उससे पहले तुझे छह महीने में जेल भिजवा दूंगी। बात करते समय उनकी आंख से लगातार आंसू बह रहे थे। गले से आवाज भी खर खरा रही थी। उमेश की पत्नी जया पाल का भी रो-रो कर बुरा हाल है।